Manendragarh Medical College के निर्माण की मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की समीक्षा, 220 बिस्तर अस्पताल का भी लिया जायजा

Manendragarh Medical College के निर्माण की मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की समीक्षा, 220 बिस्तर अस्पताल का भी लिया जायजा

रायपुर, 10 नवम्बर 2026। Manendragarh Medical College : मनेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल  मंगलवार को जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ पहुंचकर क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 220 बिस्तर वाले सिविल अस्पताल सहित परसगढ़ी में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। मंत्री ने अधिकारियों, इंजीनियरों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा की विस्तृत जानकारी ली।

स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने सबसे पहले मनेंद्रगढ़ स्थित 220 बिस्तर वाले सिविल अस्पताल पहुंचकर वहां चल रहे कार्यों एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद वे परसगढ़ी स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अब तक पूर्ण हुए कार्यों, शेष निर्माण कार्यों तथा उन्हें पूरा करने के लिए निर्धारित समय-सीमा के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण, मेडिकल कॉलेज की प्रगति का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण में निर्धारित तकनीकी मानकों और गुणवत्ता के सभी मापदंडों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और आपसी समन्वय बनाकर कार्यों को तय समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण, मेडिकल कॉलेज की प्रगति का लिया जायजा

चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगी नई दिशा

मंत्री जायसवाल ने कहा कि परसगढ़ी में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज केवल एक भवन निर्माण परियोजना नहीं है, बल्कि यह पूरे एमसीबी जिले और आसपास के क्षेत्रों के लिए चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से प्रदेश के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। साथ ही क्षेत्र के लोगों को बेहतर एवं उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा और लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के लिए दूर-दराज के शहरों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की प्रगति पर लगातार नजर रखी जाए और जहां भी किसी प्रकार की तकनीकी अथवा प्रशासनिक समस्या आ रही है, उसका तत्काल समाधान किया जाए, ताकि विकास कार्यों को समय पर पूरा किया जा सके।  निरीक्षण के दौरान सीजीएमएससी छत्तीसगढ़ के एमडी रितेश अग्रवाल सहित प्रशासनिक अधिकारी, विभागीय अधिकारी, इंजीनियर एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण, मेडिकल कॉलेज की प्रगति का लिया जायजा

मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का कथन

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मनेंद्रगढ़ क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और उन्हें बेहतर बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। परसगढ़ी में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना है। इससे आने वाले समय में चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा मिलने के साथ आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप और तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं। निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द इन विकास कार्यों का लाभ मिल सके।

About The Author

छत्तीसगढ स्वास्थ्य