Mass Death: बलौदाबाजार में एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, मां और 2 मासूम बच्चों के मिले शव; जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका, PM रिपोर्ट का इंतजार

Mass Death: बलौदाबाजार में एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, मां और 2 मासूम बच्चों के मिले शव; जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका, PM रिपोर्ट का इंतजार

बलौदाबाजार, 20 नवंबर। Mass Death: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के सुकली गांव में एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। यहां 28 वर्षीय महिला और उसके दो छोटे बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरुआती जानकारी में जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका सामने आई है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मामला गिरौदपुरी चौकी क्षेत्र का है। मृतकों की पहचान युक्ति मानिकपुरी (28), उनके बेटे चिराग दास मानिकपुरी (10) और दिव्यांश मानिकपुरी (5) के रूप में हुई है। गुरुवार देर रात पुलिस को एक ही घर में तीन लोगों के बेहोश पड़े होने की सूचना मिली थी। खबर मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और तीनों को 108 एंबुलेंस के जरिए कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला किसी जहरीले पदार्थ के सेवन से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने आशंका जताई है कि महिला ने पहले बच्चों को भोजन में जहरीला पदार्थ मिलाकर खिलाया और बाद में खुद भी उसका सेवन किया। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण

पुलिस घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही तीनों की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से सुकली गांव में मातम छाया हुआ है। घटना की खबर मिलने के बाद से ग्रामीणों में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

About The Author

छत्तीसगढ