Bilaspur Murder Case: बिलासपुर में खौफनाक वारदात! GI तार से बाइक पर बंधा मिला युवक का जला हुआ शव; मंजर देख पुलिस भी हैरान

Bilaspur Murder Case: बिलासपुर में खौफनाक वारदात! GI तार से बाइक पर बंधा मिला युवक का जला हुआ शव; मंजर देख पुलिस भी हैरान

बिलासपुर, 21 नवंबर। Bilaspur Murder Case: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने पुलिस को भी उलझाकर रख दिया है। सुनसान जगह पर खड़ी बाइक से एक युवक का बुरी तरह जला हुआ शव बरामद हुआ। हत्यारों ने वारदात को छिपाने के लिए शव को बाइक से बांधकर लकड़ियों और झाड़ियों के बीच आग के हवाले कर दिया। अब इस मामले में चोरी की बाइक से पुलिस को अहम सुराग मिला है। मृतक की पहचान मुंगेली के रहने वाले मिथिलेश वर्मा के रूप में हुई है, जो बीते 16 नवंबर से लापता था।

बाइक से बांधकर जलाया गया शव

मामला कोटा थाना क्षेत्र के शिवतराई का है। 18 नवंबर की शाम सड़क से करीब 50 मीटर अंदर मेन स्टैंड के पास एक बाइक पर जला हुआ शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि युवक का शरीर लगभग 90 प्रतिशत तक जल चुका था। वारदात को अंजाम देने वालों ने उसके हाथ, पैर और सिर को जीआई तार की मदद से बाइक के अलग-अलग हिस्सों में कसकर बांधा था। इसके बाद ऊपर लकड़ियां और झाड़ियां डालकर आग लगाई गई थी। घटनास्थल से पुलिस को दो अलग-अलग नंबर प्लेट भी मिलीं, जिन पर सीजी 25 और सीजी 10 अंकित थे। पुलिस भी ये मंजर देख हैरान है।

चोरी की बाइक ने खोला जांच का नया रास्ता

पुलिस की तफ्तीश में सामने आया कि जिस बाइक पर शव मिला, वह मुंगेली के एक बुजुर्ग के नाम पर पंजीकृत है। करीब एक महीने पहले यह बाइक मुंगेली जिला अस्पताल के आसपास से चोरी हुई थी। इसी सुराग के आधार पर पुलिस मृतक तक पहुंची और उसकी पहचान मिथिलेश वर्मा के रूप में सामने आई। हालांकि, परिजनों ने अभी शव की पहचान को लेकर सहमति नहीं जताई है। पुलिस मोबाइल की कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए पहचान की पुष्टि करने में जुटी है।

एक से ज्यादा हत्यारों की आशंका, कई एंगल पर जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। हालांकि बारिश के चलते कई अहम साक्ष्य प्रभावित होने की आशंका है। पुलिस को शक है कि इस वारदात को अकेले अंजाम देना आसान नहीं था और इसमें एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। फिलहाल पुरानी दुश्मनी, प्रेम प्रसंग और आपसी विवाद सहित तमाम संभावित कारणों को जांच के दायरे में रखा गया है। पुलिस आरोपियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी साक्ष्य खंगाल रही है। फिलहाल इस सनसनीखेज हत्याकांड में किसी आरोपी की गिरफ्तारी या वारदात की वजह का खुलासा नहीं हुआ है।

About The Author

छत्तीसगढ