कांकेर, 22 नवंबर। GST Official Bribe: छत्तीसगढ़ के कांकेर में रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार राज्य कर विभाग की सहायक आयुक्त आंचला गिरी पर राज्य सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की गिरफ्तारी के अगले ही दिन सरकार ने उन्हें निलंबित कर दिया। इस मामले में रिश्वत की रकम पहुंचाने वाले कथित बिचौलिए सीए इमरान मेमन को भी एसीबी ने गिरफ्तार किया है।
वाहन छोड़ने के बदले मांगी थी 2 लाख रुपये की रिश्वत
मामले की शुरुआत कांकेर निवासी शोएब रंगरेज की शिकायत से हुई। शिकायतकर्ता के मुताबिक, जीएसटी सहायक आयुक्त आंचला गिरी ने ई-वे बिल से जुड़े मामले में उसका वाहन रोक दिया था। वाहन को छोड़ने के लिए कथित तौर पर 2 लाख रुपये की मांग की गई थी। आरोप है कि अधिकारी ने डेढ़ लाख रुपये घर पर देने और शेष 50 हजार रुपये पेनाल्टी के रूप में जमा करने की बात कही थी। शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने के बजाय इसकी सूचना एसीबी जगदलपुर को दे दी।
नाली में फेंकी रिश्वत की रकम
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया। आरोपों की पुष्टि होने पर टीम ने अधिकारी के घर पर ट्रैप की योजना बनाई। 21 नवंबर को कार्रवाई के दौरान आंचला गिरी को डेढ़ लाख रुपये की कथित रिश्वत लेते पकड़ लिया गया। इसी दौरान घर में मौजूद सीए इमरान मेमन ने एसीबी की टीम को देखकर रिश्वत की रकम नाली में फेंक दी। हालांकि, टीम ने दोनों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद सरकार की कार्रवाई
एसीबी की इस कार्रवाई के बाद राज्य सरकार ने भी तेजी दिखाते हुए सहायक आयुक्त आंचला गिरी को निलंबित कर दिया है। रिश्वतखोरी के इस मामले में विभागीय कार्रवाई के साथ एसीबी की जांच भी जारी है।

