Mahua Liquor: बिग ब्रेकिंग! अवैध महुआ शराब जब्ती मामले में कोर्ट का बड़ा फैसला; आरोपी को 1 साल की सजा और 25 हजार जुर्माना

Mahua Liquor: बिग ब्रेकिंग! अवैध महुआ शराब जब्ती मामले में कोर्ट का बड़ा फैसला; आरोपी को 1 साल की सजा और 25 हजार जुर्माना

रायगढ़, 23 नवंबर। Mahua Liquor: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध महुआ शराब के कारोबार के खिलाफ दर्ज मामले में घरघोड़ा न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाया है। ग्राम बेहरामार में 530 लीटर अवैध हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त होने के मामले में आरोपी जयपाल राठिया (40) को एक वर्ष के सश्रम कारावास और 25 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई है। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी घरघोड़ा श्रीमती मिनी ठाकुर ने 17 नवंबर 2026 को यह फैसला सुनाया। जुर्माना नहीं भरने पर आरोपी को तीन माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

छाल पुलिस ने छापेमारी में जब्त की थी 530 लीटर शराब

मामला 23 मार्च 2026 का है। मुखबिर से सूचना मिलने पर छाल पुलिस ने ग्राम बेहरामार में छापेमारी की थी। इस दौरान जयपाल राठिया के कब्जे से एक सिंटेक्स टंकी, 8 जरीकेन और 10 बोतलों में रखी कुल 530 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद की गई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59(क) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।

10 गवाहों के बयान, 34 आर्टिकल पेश

मामले की विवेचना छाल थाने के प्रधान आरक्षक शंभू प्रसाद पाण्डेय ने की। पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर 7 मई 2026 को न्यायालय में चालान पेश किया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने 10 गवाहों के बयान कराए और 34 महत्वपूर्ण आर्टिकल न्यायालय में प्रस्तुत किए। शासन की ओर से एडीपीओ सत्यप्रकाश महिलाने ने पैरवी की। न्यायालय ने मौखिक और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर जयपाल राठिया को आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत दोषी पाया और एक वर्ष के सश्रम कारावास के साथ 25 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई।

एसएसपी ने पुलिस टीम की सराहना की

फैसले के बाद रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने छाल थाना प्रभारी निरीक्षक नसीर खान और विवेचक प्रधान आरक्षक शंभू प्रसाद पाण्डेय की प्रशंसा की। उन्होंने प्रभावी विवेचना और न्यायालय में ठोस साक्ष्य प्रस्तुत करने के प्रयासों की सराहना की।

About The Author

छत्तीसगढ जुर्म