Ambikapur Fraud Case : 50 लाख की कथित हेराफेरी पर व्यापारियों का आक्रोश, मंत्री के हस्तक्षेप के बाद TI ने मांगा समय

Ambikapur Fraud Case : 50 लाख की कथित हेराफेरी पर व्यापारियों का आक्रोश, मंत्री के हस्तक्षेप के बाद TI ने मांगा समय

अंबिकापुर, 24 नवंबर 2026। Ambikapur Fraud Case : अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी से 50 लाख रुपये से अधिक के सामान की कथित हेराफेरी के मामले में करीब एक महीने बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से व्यापारियों का आक्रोश सामने आया है। सोमवार देर शाम व्यापारियों ने अग्रसेन भवन में मंत्री राजेश अग्रवाल से मुलाकात कर पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। व्यापारियों की शिकायत के बाद मंत्री ने कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह को फोन कर कार्रवाई का जवाब मांगा। बातचीत में थाना प्रभारी ने दो दिन का समय मांगा। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज व्यापारियों ने मंत्री से की मुलाकात

व्यापारियों ने मंत्री राजेश अग्रवाल को बताया कि 50 लाख रुपये से अधिक के सामान की कथित हेराफेरी के मामले में शिकायत और एफआईआर के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने थाना प्रभारी पर खर्चा-पानी के नाम पर पैसे लेने का आरोप भी लगाया। व्यापारियों का कहना था कि बार-बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से कारोबारियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

फोन पर मंत्री और TI के बीच हुई बातचीत

व्यापारियों की बात सुनने के बाद मंत्री ने थाना प्रभारी अखिलेश सिंह को फोन लगाया। बातचीत के दौरान मंत्री ने कहा कि व्यापारी उन्हें बंधक बनाकर बैठ गए हैं और उन्हें छुड़ाने के लिए पुलिस भेज दीजिए। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर भी सवाल उठाया।

जवाब में थाना प्रभारी ने कार्रवाई के लिए दो दिन की मोहलत मांगी। मंत्री ने उन्हें दो से तीन दिन के भीतर कार्रवाई कर इसकी जानकारी देने को कहा। बातचीत का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की भूमिका को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

फर्जी सील और रसीद के जरिए सामान निकालने का आरोप

मामला अंबिकापुर के खरसिया नाका स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी का है। कंपनी संचालक कान्हा अग्रवाल ने करीब एक महीने पहले कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कंपनी की बिलिंग ऑपरेटर अंजुम निशा और पूर्व कर्मचारी रविंद्र यादव उर्फ विक्की पर फर्जी सील और नकदी रसीद तैयार कर सामान निकालने का आरोप लगाया गया है।

आरोप के मुताबिक, पिछले चार महीने से फर्जी रसीदों के जरिए कंपनी से सामान निकाला जा रहा था। इसके लिए पिकअप और अन्य मालवाहक वाहनों का इस्तेमाल किया जाता था। सामान को गंगापुर स्थित एक गोदाम में पहुंचाने और वहां से अलग-अलग दुकानों में सप्लाई करने की बात भी शिकायत में कही गई है।

कर्मचारी की सूचना के बाद सामने आई कथित हेराफेरी

21 अक्टूबर को कंपनी कर्मचारी सचिन टोप्पो ने संचालक को फर्जी नकदी रसीद के जरिए सामान निकाले जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद कंपनी ने रसीदों और हिसाब-किताब की जांच कराई। कंपनी प्रबंधन के अनुसार, जांच में 50 लाख रुपये से अधिक के सामान की हेराफेरी सामने आई।

पुलिस ने इस मामले में अंजुम निशा, रविंद्र यादव और रूपेश यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। एफआईआर के करीब एक महीने बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने पर अब व्यापारियों ने मंत्री के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की है। मंत्री के निर्देश और थाना प्रभारी की ओर से मांगी गई मोहलत के बाद अब पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है।

About The Author

छत्तीसगढ