Raipur Family Murder Case: ब्रेकिंग! 7 महीने बाद खुला 5 मौतों का राज! पत्नी और 3 बच्चों की हत्या का आरोपी निकला परिवार का मुखिया

Raipur Family Murder Case: ब्रेकिंग! 7 महीने बाद खुला 5 मौतों का राज! पत्नी और 3 बच्चों की हत्या का आरोपी निकला परिवार का मुखिया

रायपुर, 24 नवंबर। Raipur Family Murder Case: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के संजय नगर में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत के मामले में जांच के बाद सनसनीखेज खुलासा हुआ है। करीब सात महीने तक चली पड़ताल में विशेष जांच दल (SIT) ने पाया कि परिवार के मुखिया साजिद अली ने ही अपनी पत्नी और तीन बच्चों को कीटनाशक देकर मौत के घाट उतारा था। इसके बाद उसने खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर टिकरापारा पुलिस ने अब साजिद अली के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

सट्टे के कारोबार में नुकसान बना बड़ी वजह, बैंक खातों में मिला 70 लाख का ट्रांजेक्शन

SIT की पड़ताल में साजिद अली की आर्थिक गतिविधियों से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आए हैं। जांच के अनुसार, वह गोलबाजार और डगनिया क्षेत्र में मोबाइल के माध्यम से सट्टे का कारोबार संचालित करता था। इस गतिविधि में आर्थिक नुकसान होने के बाद उसकी मुश्किलें बढ़ती चली गईं। पुलिस द्वारा बैंक खातों की पड़ताल में पिछले पांच वर्षों के दौरान लगभग 70 लाख रुपये का लेनदेन दर्ज पाया गया। सट्टे का काम बंद होने और आर्थिक संकट गहराने के बाद वह मानसिक और पारिवारिक परेशानियों से भी जूझ रहा था।

बेटे को दो बार फोन कर बुलाया, खाने-पीने की चीजों में मिलाया कीटनाशक

जांच में घटना वाले दिन की गतिविधियों को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। बताया गया कि साजिद ने अपने बेटे इरशाद को दो बार फोन करके घर बुलाया था। वह घर पहुंचते समय मिठाई और भोजन भी लेकर आया था। SIT के मुताबिक, इसके बाद उसने खाने-पीने की वस्तुओं में कीटनाशक मिला दिया और पत्नी राबिया समेत अपने तीन बच्चों को खिला दिया। सीसीटीवी फुटेज की जांच में सुबह 10 बजकर 18 मिनट पर साजिद को आखिरी बार घर का दरवाजा बंद करते हुए देखा गया। जांच में यह बात भी सामने आई कि घटना से लगभग ढाई महीने पहले उसने एक परिचित के सामने परिवार के साथ रिश्ते अच्छे नहीं होने और जीवन से निराश होने की बात कही थी।

मृतक साजिद के खिलाफ हत्या का केस दर्ज

SIT से मिले जांच निष्कर्षों के आधार पर टिकरापारा पुलिस ने साजिद अली को पत्नी और तीन बच्चों की हत्या का आरोपी मानते हुए उसके खिलाफ अपराध दर्ज किया है। इस कार्रवाई के बाद लंबे समय से रहस्य बने इस मामले की जांच में नया मोड़ आ गया है।

17 जुलाई को एक ही मकान में मिले थे परिवार के पांच शव

गौरतलब है कि यह घटना टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर स्थित मदनी चौक की है। 17 जुलाई को यहां एक किराए के मकान में एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव बरामद हुए थे। मृतकों की पहचान 50 वर्षीय साजिद अली, उसकी पत्नी राबिया और तीन बच्चों इरशाद अली, शाहिदा बेगम तथा इरशाबा परवीन के रूप में हुई थी। मौके पर साजिद का शव फंदे से लटका मिला था, जबकि परिवार के अन्य चार सदस्य घर के भीतर मृत अवस्था में पाए गए थे।

शुरुआत में मामला संदिग्ध सामूहिक मौत के रूप में देखा जा रहा था, लेकिन लंबी जांच, बैंक खातों की पड़ताल और CCTV फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इसे परिवार के मुखिया द्वारा अंजाम दिए गए हत्याकांड के रूप में दर्ज किया है।

About The Author

Raipur