जगदलपुर, 29 नवंबर। Bastar Murder Case: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घाटकवाली क्षेत्र में बरामद क्षत-विक्षत शव की पहचान 22 वर्षीय शिवांगी बघेल के तौर पर हुई है। वह वन मंत्री केदार कश्यप के गृह ग्राम फरसागुड़ा की निवासी थी। करीब 10 दिनों से लापता शिवांगी का शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है और पुलिस से मामले की गहराई से पड़ताल करने की मांग की है।
खेत जाने के लिए निकली थी शिवांगी, फिर नहीं लौटी घर
जानकारी के मुताबिक, शिवांगी 10 दिन पहले खेत जाने की बात कहकर घर से निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों के अनुसार, 15 नवंबर की शाम तक उसका मोबाइल फोन चालू था, लेकिन देर शाम अचानक फोन बंद हो गया। परिवार ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। आखिरकार 18 नवंबर को भानपुरी थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।
शव मिलने के बाद हत्या की आशंका
बीते बुधवार को बस्तर थाना क्षेत्र के घाटकवाली में एक युवती का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ था। पुलिस की जांच में शव की पहचान शिवांगी बघेल के रूप में हुई। इसके बाद परिवार ने आशंका जताई कि उसे किसी ने बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के बाद उसकी हत्या की होगी। हालांकि, हत्या के कारणों और घटना के पीछे किसका हाथ है, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है।
मोबाइल कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
मामले की जांच में जुटी पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। साथ ही शिवांगी के मोबाइल की कॉल डिटेल की जांच की जा रही है और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।

