धर्म

Global Divine Light House : चंडीगढ़ में आध्यात्मिक ऊर्जा का नया केंद्र…! ग्लोबल डिवाइन लाइट हाउस का उद्घाटन 15 अक्टूबर को…राजयोगिनी बीके चक्रधारी दीदी करेंगी भव्य उद्घाटन

चंडीगढ़, 14 अक्टूबर। Global Divine Light House : ब्रह्माकुमारीज़ संस्था द्वारा चंडीगढ़ के सेक्टर 27-बी में निर्मित ‘ग्लोबल डिवाइन लाइट हाउस’ का भव्य उद्घाटन समारोह आगामी 15 अक्टूबर 2025 को सुबह 10 बजे रामलीला ग्राउंड, सेक्टर 27-बी में आयोजित किया जाएगा। इस शुभ अवसर पर महिला प्रभाग की अध्यक्ष एवं ब्रह्माकुमारीज़ दिल्ली ज़ोन की निदेशिका राजयोगिनी बीके चक्रधारी दीदी मुख्य अतिथि के रूप में उद्घाटन करेंगी।

इस अवसर पर पंजाब ज़ोन की निदेशिका बीके प्रेमलता दीदी और बीके उत्तरा दीदी उपस्थित होकर अपने आशीर्वचन प्रदान करेंगी। साथ ही, प्रयागराज से धार्मिक प्रभाग की चेयरपर्सन बीके मनोरमा दीदी, माउंट आबू से राष्ट्रीय समन्वयक धार्मिक प्रभाग बीके रामनाथ भाई, और राष्ट्रीय मीडिया समन्वयक बीके डॉ. शांतनु भाई भी सभा को संबोधित करेंगे।

गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति

समारोह में हरियाणा विधानसभा के पूर्व स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता, बीजेपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य एवं हिमाचल प्रदेश के सह-प्रभारी श्री संजय टंडन, तथा विभिन्न धर्मों के प्रमुख धर्मगुरु इस शुभ अवसर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। इस आयोजन की जानकारी बीके करम चंद, ज़ोनल मीडिया विंग कोऑर्डिनेटर, पंजाब ज़ोन ने दी।

ब्रह्माकुमारीज़ का उद्देश्य– मूल्यों की पुनः स्थापना

बीके डॉ. शांतनु भाई ने बताया कि ब्रह्माकुमारीज़ संस्था का मुख्य उद्देश्य समाज में नैतिक, मानवीय, सामाजिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों की पुनः स्थापना करना है। यह संस्था संयुक्त राष्ट्र संघ से संबद्ध एक अंतरराष्ट्रीय एनजीओ है, जो जलवायु परिवर्तन, लैंगिक समानता, स्वास्थ्य और मानवीय प्रयासों जैसे वैश्विक मुद्दों पर कार्य कर रही है और सात बार UN Peace Messenger Award से सम्मानित हो चुकी है।

140 देशों में 4500 से अधिक राजयोग केंद्र

ब्रह्माकुमारीज़ संस्था के अंतर्गत समाज की विभिन्न आवश्यकताओं के लिए 20 सेवा प्रभाग कार्यरत हैं, जैसे – मीडिया विंग, साइंटिस्ट्स व इंजीनियर्स विंग, सामाजिक सेवा विंग, प्रशासकीय विंग, मेडिकल विंग, विधि विंग, युवा विंग, महिला विंग, शिक्षा विंग तथा कृषि एवं ग्रामीण विकास विंग आदि। संस्था के लगभग 4500 राजयोग केंद्र 140 देशों में संचालित हैं। राजयोगिनी बीके मोहिनी संस्था की मुख्य प्रशासिका हैं।

मानवता का आध्यात्मिक प्रकाशस्तंभ

बीके पूनम, केंद्र प्रभारी, ग्लोबल डिवाइन लाइट हाउस ने कहा कि यह केंद्र मानवता के लिए एक आध्यात्मिक प्रकाशस्तंभ के रूप में कार्य करेगा। यह केंद्र आंतरिक शांति, राजयोग ध्यान, आत्मिक अनुभव और आत्मबल को बढ़ाने का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि यह स्थान प्रेम और प्रकाश की ऊर्जा को फैलाकर सभी को सशक्त बनाएगा।

बीके उत्तरा दीदी ने कहा कि यह केंद्र चंडीगढ़ के एक प्रमुख और सुंदर स्थान पर स्थापित है, जहाँ समाज के सभी वर्गों को सेवा प्रदान की जा सकेगी। यह स्थान लोगों को जीवन जीने की कला, तनावमुक्त जीवन और आत्मिक जागृति की प्रेरणा देगा।

कार्यक्रम में रहेगा ध्यान, मौन और प्रेरणादायक संदेशों का समावेश

समारोह में ध्यान, मौन, प्रार्थनाएं और महानुभावों के प्रेरणादायक संबोधन होंगे। यह आयोजन न केवल ब्रह्माकुमारीज़ संस्था के लिए बल्कि चंडीगढ़ शहर के लिए भी एक ऐतिहासिक क्षण है, जो शांति, एकता और आत्मिक उत्थान की दिशा में नया अध्याय लिखेगा। सभी नागरिकों को इस ऐतिहासिक, प्रेरणास्पद एवं आध्यात्मिक समारोह में सादर आमंत्रित किया गया है।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button