रायपुर, 20 दिसंबर। CG Open School Result : छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल द्वारा आयोजित हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा (नवंबर 2025) का परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया गया।
परीक्षार्थी अपना परिणाम ओपन स्कूल की आधिकारिक वेबसाइट www.sos.cg.nic.in एवं www.result.cg.nic.in पर देख सकते हैं।
हाई स्कूल परीक्षा में कुल 12,694 छात्रों का पंजीयन हुआ था, जिनमें से 11,665 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। विभिन्न कारणों से 3 छात्रों का परिणाम रोका गया है। इस प्रकार कुल 11,662 छात्रों का परीक्षा परिणाम जारी किया गया, जिसमें 43.44 प्रतिशत छात्र सफल घोषित किए गए हैं।
वहीं हायर सेकेंडरी परीक्षा में कुल 9,681 छात्रों का पंजीयन हुआ था। इनमें से 9,034 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें 1,733 छात्र आरटीडी (RTD) योजना के अंतर्गत सम्मिलित थे। चार छात्रों का परिणाम रोका गया है, जबकि 7,297 छात्रों का परीक्षा परिणाम जारी किया गया। हायर सेकेंडरी परीक्षा में कुल 59.44 प्रतिशत छात्र सफल रहे।
मार्च–अप्रैल 2026 परीक्षा के लिए आवेदन
अनुत्तीर्ण छात्र आगामी मार्च–अप्रैल 2026 परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन फार्म अपने अध्ययन केंद्र में सामान्य शुल्क के साथ 15 जनवरी 2026 तक तथा विलंब शुल्क के साथ 18 जनवरी से 25 जनवरी 2026 तक जमा किए जा सकते हैं।
छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल द्वारा परिणामों की घोषणा के साथ ही विद्यार्थियों को आगे की परीक्षा की तैयारी का अवसर प्रदान किया गया है।

