भिलाई, 24 दिसंबर। Sex Racket Exposed : भिलाई शहर में देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब स्मृति नगर थाना पुलिस ने जुनवानी क्षेत्र स्थित होटल क्राउड में दबिश देकर अवैध गतिविधियों का पर्दाफाश किया। होटल में देह व्यापार संचालित होने की पुख्ता सूचना पर की गई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मामला दुर्ग जिले के स्मृति नगर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि जुनवानी स्थित होटल क्राउड में बाहरी युवतियों के माध्यम से अवैध देह व्यापार कराया जा रहा है। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। देर रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने होटल में अचानक दबिश दी।
रेड के दौरान दो बाहरी युवतियां मिलीं
छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल के अलग-अलग कमरों की जांच की। इसी दौरान एक कमरे में दो बाहरी युवतियां पाई गईं। पूछताछ करने पर उनके जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए। युवतियों ने पहचान पत्र देने से भी इनकार किया। पुलिस के अनुसार एक युवती फैजाबाद रोड थाना मरिपारी, जिला लखनऊ (उत्तरप्रदेश) की रहने वाली बताई गई है, जबकि दूसरी युवती थाना दमन, जिला दमन (गुजरात) की बताई जा रही है।
मैनेजर ने किया विरोध, पुलिस से हुई बहस
कार्रवाई के दौरान होटल मैनेजर प्रदीप मिश्रा, निवासी ग्राम जगहथा, जिला सतना (मध्यप्रदेश) ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया और वाद-विवाद करने लगा, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए कानून व्यवस्था बाधित हुई। इसके बाद पुलिस ने मैनेजर समेत दोनों संदिग्ध युवतियों को हिरासत में लिया।
अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
स्मृति नगर थाना पुलिस ने मैनेजर और दोनों युवतियों को गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
जांच के बाद होगी और सख्त कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद होटल संचालक, मैनेजर और अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

