Hindu Killing : बांग्लादेश में भीड़ ने ‘चोर-चोर’ का शोर मचाते हुए फिर कर दी एक और हत्या…अब अमृत मंडल हुआ हिंसा का शिकार

Hindu Killing : बांग्लादेश में भीड़ ने ‘चोर-चोर’ का शोर मचाते हुए फिर कर दी एक और हत्या…अब अमृत मंडल हुआ हिंसा का शिकार

नई दिल्ली, 26 दिसंबर। Hindu Killing : बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर चिंता और गहरा गई है। महज एक हफ्ते के भीतर दूसरे हिंदू युवक की भीड़ द्वारा हत्या का मामला सामने आया है। ताजा घटना राजबाड़ी जिले की है, जहां 29 वर्षीय अमृत मंडल उर्फ सम्राट को बुधवार रात भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और हथियार भी बरामद हुए हैं।

क्या है पूरा मामला?

स्थानीय पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बुधवार रात करीब 11 बजे अमृत मंडल अपने कुछ साथियों के साथ एक ग्रामीण के घर कथित तौर पर उगाही के लिए पहुंचा। ‘चोर-चोर’ का शोर मचने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और हालात बेकाबू हो गए। भीड़ ने अमृत मंडल पर हमला कर दिया। उसके कुछ साथी भाग निकले, जबकि मोहम्मद सलीम नामक एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया।

अस्पताल में हुई मौत

पंगशा सर्किल के एएसपी देबरता सरकार के अनुसार, पुलिस ने अमृत मंडल को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां देर रात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

कौन थे अमृत मंडल उर्फ सम्राट?

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अमृत मंडल होसैनडांगा गांव का रहने वाला था। उसे इलाके में ‘सम्राट बाहिनी’ नामक एक स्थानीय गिरोह का नेता बताया जाता है। पुलिस और स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसके खिलाफ उगाही और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े कम से कम दो मामले दर्ज थे, जिनमें एक हत्या का केस भी शामिल है।

एक हफ्ते में दूसरा मामला

यह घटना इसलिए भी गंभीर है क्योंकि 18 दिसंबर को मयमनसिंह जिले में दीपू चंद्र दास की भीड़ द्वारा हत्या कर दी गई थी। उस मामले के बाद भारत में भी विरोध प्रदर्शन हुए थे और बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हुए थे।

भारत में प्रतिक्रिया

दीपू दास की हत्या के बाद दिल्ली में बांग्लादेश हाई कमीशन के बाहर प्रदर्शन हुए थे। वहीं, अमृत मंडल की हत्या के बाद राजबाड़ी में भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। हाल के दिनों में चिटगांव स्थित भारतीय सहायक उच्चायोग पर पथराव की घटना ने भी हालात की गंभीरता को उजागर किया है।

पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान की जा रही है और कानून के अनुसार (Hindu Killing) कार्रवाई की जाएगी। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और भीड़ हिंसा पर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।

About The Author

राष्ट्रीय