चतरा, 29 दिसंबर। TSPC Naxal : कुंडा थाना क्षेत्र के गेंदरा गांव में रविवार देर रात फायरिंग की घटना में टीएसपीसी के पूर्व टॉप कमांडर देवेंद्र गंझू और उनका साथी चुरामन गंझू की मौत हो गई। वहीं, श्याम भोक्ता और उनके साले गोपाल भोक्ता गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, देवेंद्र गंझू अपने साथियों के साथ श्याम भोक्ता और गोपाल भोक्ता के घर पहुंचे। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ और अचानक फायरिंग शुरू हो गई। इस फायरिंग में देवेंद्र और चुरामन गंझू मौके पर ही मौत के घाट गिर गए, जबकि श्याम और गोपाल गंभीर रूप से घायल हुए। घायल गोपाल को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
पुरानी दुश्मनी और नक्सली कनेक्शन है कारण
चतरा एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने खुद मोर्चा संभालते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया और कहा कि मारे गए व्यक्तियों की पहचान हो गई है। एसपी ने बताया कि इस घटना के पीछे पुरानी रंजिश और टीएसपीसी नक्सली संगठन से जुड़े विवाद की संभावना है।
देवेंद्र गंझू के विरुद्ध पहले से ही 30 से अधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, श्याम भोक्ता भी राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) द्वारा चल रही चतरा के चर्चित टेरर फंडिंग मामले में अभियुक्त हैं। ग्रामीणों के अनुसार, यह विवाद अफीम के पैसे और पूर्व में ली गई लेवी की रकम के बंटवारे को लेकर हुआ था।
पुलिस ने घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं। एसपी ने कहा कि पुलिसिया जांच और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।

