रायपुर, 15 जनवरी। Makar Sankranti Festival : छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज महिला चेम्बर द्वारा ‘हमारे सपनों का आंगन’ कार्यक्रम की अपार सफलता के उपलक्ष्य में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर मैग्नेटो मॉल, रायपुर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष श्री सतीश थौरानी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

महिला उद्यमिता को मिला नया मंच
महिला चेम्बर द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम संस्था के 65 वर्षों के इतिहास में अपनी तरह का पहला और ऐतिहासिक आयोजन रहा, जिसमें महिला व्यापारियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं सामाजिक समरसता का सुंदर संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष सदस्यों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला चेम्बर की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इला गुप्ता ने कहा कि जिस प्रकार भगवान सूर्यदेव उत्तरायण होकर संपूर्ण सृष्टि को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं, उसी प्रकार महिला चेम्बर भी समाज और प्रकृति को प्रेम, सहयोग और सकारात्मकता के साथ पुष्पित-पल्लवित करने का कार्य करता रहेगा। उन्होंने कहा कि 65 वर्षों में पहली बार इस स्तर का आयोजन सदस्यों के सामूहिक सहयोग और समर्पण का परिणाम है, जो महिला चेम्बर के लिए गर्व का विषय है।
महिला व्यापारियों को प्रोत्साहित करता प्रेरणादायी आयोजन
मकर संक्रांति की विशेषता को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम में विशेष तिल व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 19 प्रतिभागियों ने अपने व्यंजनों से सभी को आकर्षित किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में श्रीमती पद्मा वर्मा, हयात होटल के हेड शेफ जितेंद्र, अंशु जी एवं सुरक्षा थौरानी शामिल रहे। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त म्यूजिकल तंबोला, मनोरंजक खेल एवं फैशन शो का भी आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 200 से अधिक लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य प्रायोजक श्री तिलोकचंद बरड़िया (अनूपचंद तिलोकचंद ज्वैलर्स) रहे। विजेताओं को हीरे की अंगूठी, चांदी के सिक्के, स्मार्ट मोबाइल फोन, माइक्रोवेव ओवन सहित अनेक आकर्षक उपहार प्रदान किए गए। इसके साथ ही फ्रीडम ऑयल, स्क्रूड्राइवर, इट्सा हॉस्पिटल द्वारा फ्री बॉडी चेकअप कूपन तथा पूजा प्लास्टिक की ओर से कंटेनर सेट भी प्रदान किए गए।
इस गरिमामयी अवसर पर चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष श्री सतीश थौरानी, सलाहकार एवं महिला चेम्बर प्रभारी श्री तिलोकचंद बरड़िया, सलाहकार श्री अमर गिदवानी, महिला चेम्बर कोषाध्यक्ष श्रीमती नम्रता श्रीकांत अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही महिला चेम्बर दुर्ग इकाई की अध्यक्ष डॉ. मानसी गुलाटी, भिलाई इकाई की अध्यक्ष श्रीमती सुमन कन्नौजे, चेम्बर सांस्कृतिक प्रभारी श्री अनिल जोतसिंघानी, श्रीमती पद्मा वर्मा (डायरेक्टर, पार्थिव बिल्डर्स), मैग्नेटो मॉल एवं अविनाश बिल्डर्स की टीम तथा बड़ी संख्या में व्यापारीगण उपस्थित थे।
कार्यक्रम ने महिला उद्यमिता, संस्कृति और सामाजिक सहभागिता को नई दिशा देते हुए मकर संक्रांति के पर्व को यादगार बना दिया।

