मुजफ्फरपुर, 15 जनवरी। Body found in River : बिहार के मुजफ्फरपुर से एक दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जिस मां की तलाश में परिवार बीते कई दिनों से दर-दर भटक रहा था, उसी मां और उसके तीन मासूम बच्चों के शव एक साथ नदी में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। अहियापुर थाना क्षेत्र के चंदवारा पुल के पास गुरुवार को नदी से एक महिला और उसके तीन बच्चों के शव बरामद किए गए।

नदी में तैरते मिले चारों शव
स्थानीय लोगों ने नदी में शव तैरते देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों शवों को बाहर निकलवाया और शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू की। मृतका की पहचान ममता कुमारी के रूप में हुई है, जो ऑटो चालक कृष्ण मोहन की पत्नी थी। ममता अपने तीन बच्चों के साथ 10 जनवरी से लापता थी।
पति ने थाने में दी थी गुमशुदगी की सूचना
परिजनों के अनुसार ममता और बच्चों की काफी तलाश की गई, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो 12 जनवरी को पति कृष्ण मोहन ने अहियापुर थाना में आवेदन देकर पत्नी और बच्चों की गुमशुदगी की सूचना दी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। गुरुवार को जब चारों शव एक साथ मिलने की खबर घर पहुंची तो परिजनों में कोहराम मच गया।

अपहरण कर हत्या की आशंका
परिजनों ने अपहरण कर हत्या की आशंका जताई है। परिवार का आरोप है कि एक अज्ञात नंबर से कॉल आया था, जिसमें बताया गया था कि महिला उनके पास है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस कॉल की अभी पुष्टि नहीं हो पाई है और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि महिला और तीनों बच्चों के शव दुपट्टे से बंधे हुए पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका और भी गहरा गई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना को लेकर मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश मिश्रा ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और घटना के उद्भेदन के लिए एक विशेष जांच टीम का गठन किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
फिलहाल इस हृदयविदारक घटना से पूरा इलाका सदमे में है और हर कोई यही सवाल कर रहा है कि आखिर एक मां और उसके तीन मासूम बच्चों के साथ इतनी बेरहमी क्यों की गई। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी हुई है।


