कैथल, 21 जनवरी। Police Fact Check : पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर हरियाणा के कैथल जिले से जुड़ी एक सनसनीखेज खबर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि 9 साल की एक बच्ची ने बच्चे को जन्म दिया है और उसे उसके 11 साल के भाई ने गर्भवती किया था। इस वायरल कंटेंट में एक महिला पुलिस अधिकारी की स्पीच और एक बच्ची के साथ नवजात शिशु का वीडियो भी जोड़ा गया है।
DSP ललित कुमार ने जारी किया आधिकारिक बयान
इस मामले को लेकर कैथल पुलिस ने आधिकारिक रूप से खबर को फर्जी (फेक न्यूज) बताया है। कैथल पुलिस की ओर से डीएसपी ललित कुमार ने स्पष्ट बयान जारी करते हुए कहा है कि जिले में इस तरह की कोई भी घटना सामने नहीं आई है।
डीएसपी ललित कुमार ने बताया कि वायरल हो रही वीडियो में दिखाई दे रही सिटी थाना प्रभारी SHO गीता की स्पीच करीब एक साल से अधिक पुरानी है, जो उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़े एक सेमिनार के दौरान दी थी। उस स्पीच को गलत तरीके से काट-छांट कर, एक बच्ची और नवजात शिशु के वीडियो के साथ जोड़कर सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले की कैथल जिले के सभी थानों से जांच करवाई गई है, लेकिन कहीं भी इस प्रकार का कोई प्रकरण दर्ज नहीं है। पुलिस ने साफ कहा है कि यह खबर पूरी तरह से भ्रामक और असत्य है।
कैथल पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही किसी भी खबर या वीडियो को बिना सत्यापन साझा न करें। साथ ही चेतावनी दी है कि गलत और भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों और पुलिस के सत्यापित बयानों पर ही भरोसा करें।

