मरवाही, 03 मार्च। Elephant Attack : मरवाही क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एकल हाथी के हमले में एक अधेड़ ग्रामीण की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मरवाही वनमंडल के ग्राम डडिया में आज सुबह एक हाथी गांव के पास पहुंच गया। इसी दौरान हाथी ने ग्रामीण त्रिलोचन सिंह पर हमला कर दिया और उन्हें कुचलकर मार डाला। घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि यह एकल हाथी एक दिन पहले ही कटघोरा वनमंडल से मरवाही क्षेत्र में पहुंचा था। हाथी की मौजूदगी से इलाके में खतरा लगातार बढ़ रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण भय के साए में जीने को मजबूर हैं।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही वन अमला द्वारा ग्रामीणों को सतर्क रहने और सुरक्षित रहने की अपील की जा रही है। मरवाही क्षेत्र में हाथी की सक्रियता को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है।

