नालंदा, 03 अप्रैल। Viral Video : बिहार के नालंदा जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। दरअसल, यहां से मणिपुर जैसी ही एक घटना सामने आई है। नूरसराय थाना क्षेत्र के एक गांव में कुछ दबंगों ने एक महिला के साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए उसे अर्धनग्न अवस्था में सड़क पर घुमाया और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, 20 वर्षीय विवाहित महिला ने शिकायत दर्ज कराई है कि गांव के अशोक यादव, मटरू महतो और रविकांत कुमार ने उसके साथ सरेआम दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके कपड़े फाड़ दिए और उसे अपमानित करते हुए वीडियो बना लिया।
दुकान से घर लौटते पीड़ित को बनाया शिकार
घटना 26 मार्च की शाम की बताई जा रही है, जब पीड़िता किराना दुकान से घर लौट रही थी। इसी दौरान तीनों आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और जबरदस्ती करने लगे। महिला के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए।
आरोपियों ने किए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
पीड़िता ने अगले दिन थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपी, मटरू महतो और अशोक यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने घटना के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। नूरसराय थानाध्यक्ष के अनुसार, मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
नोडल एजेंसी से हटवाया जा रहा है वीडियो
बहरहाल, पीड़िता ने मेडिकल जांच से इनकार किया है। बिहार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि इस प्रकार के किसी भी आपत्तिजनक वीडियो सामग्री को शेयर, फारवर्ड या प्रसारित न करें। यह दंडनीय अपराध (Viral Video) है। ऐसे दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अब तक इस घटना से संबंधित जितने भी आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किए गए हैं, उन सभी को नोडल एजेंसी के माध्यम से टेकडाउन कराया जा रहा है।

