रायपुर, 03 अप्रैल। Railway Achievement 2026 : रायपुर रेल मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025–26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राजस्व, माल लदान, यात्री सुविधाओं और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
46.44 मिलियन टन लदान कर बनाया रिकॉर्ड
मंडल रेल प्रबंधक (DRM) दयानंद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि इस दौरान मंडल ने 46.44 मिलियन टन माल लदान कर 4983 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 4% अधिक है।
उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि आधुनिक लोडिंग सिस्टम, डिजिटल पहल और विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। रायपुर मंडल देश के शीर्ष रेल मंडलों में 9वें स्थान पर रहा है।
यात्री सुविधाओं में बड़ा सुधार
यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में भी मंडल ने बेहतर कार्य किया है। इस दौरान 26.6 मिलियन यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया, जिससे 631.35 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। साथ ही त्योहारों और विशेष अवसरों पर 19 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों (195 ट्रिप) का संचालन किया गया और 60 अतिरिक्त कोच जोड़े गए।
गैर-किराया आय, खानपान, पार्किंग और पार्सल सेवाओं में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। मंडल ने कुल 5663.65 करोड़ रुपये की आय अर्जित की, जो पिछले वर्ष से 3.67% अधिक है।
यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई नई पहल की गई हैं, जिनमें हेल्थ बेस लाउंज, आपातकालीन चिकित्सा कक्ष, पार्सल स्कैनर, बाइक पैकिंग सेवा और वंदे भारत व हमसफर ट्रेनों में विज्ञापन से राजस्व बढ़ाना शामिल है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उरकुरा, भिलाई और भानुप्रतापपुर स्टेशनों का विकास किया गया है, वहीं नई ट्रेन सेवाओं की शुरुआत और प्लेटफॉर्म विस्तार जैसे कार्य भी किए गए हैं।
रेलवे ने सुरक्षा के क्षेत्र में भी बड़ा रिकॉर्ड बनाया है, वित्तीय वर्ष 2025-26 रायपुर मंडल (Railway Achievement 2026) के लिए ‘शून्य ट्रेन दुर्घटना वर्ष’ रहा। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी भी उपस्थित रहे।

