कांकेर, 13 अप्रैल। Maoist Commander Killed : जिले के छोटेबेठिया परतापुर थाना क्षेत्र के जंगलों में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक महिला माओवादी कमांडर मारी गई है।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने बताया कि माचपल्ली, आरामझोरा, हिडूर क्षेत्र के जंगलों में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। इसी दौरान माचपल्ली इलाके में पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई।
मुठभेड़ के बाद सर्चिंग में सुरक्षा बलों ने एक महिला माओवादी कैडर का शव बरामद किया, जिसकी पहचान ACM रूपी के रूप में हुई है।
बस्तर की आखिरी तेलुगू माओवादी कैडर
जानकारी के मुताबिक, रूपी डीकेएसजेडसी सदस्य विजय रेड्डी की पत्नी थी, जो वर्ष 2025 में मानपुर-मोहला क्षेत्र में मारा गया था। रूपी को बस्तर क्षेत्र में सक्रिय आखिरी तेलुगू माओवादी कैडर माना जा रहा था।
हथियार और सामग्री बरामद
मुठभेड़ स्थल से एक पिस्टल, गोला-बारूद और अन्य नक्सली सामग्री भी बरामद की गई है। फिलहाल आसपास के जंगलों में सर्च ऑपरेशन जारी है।
सरेंडर की अपील
सुन्दरराज पट्टलिंगम (आईजी, बस्तर रेंज) ने कहा कि सरकार द्वारा लगातार माओवादी कैडरों (Maoist Commander Killed) से आत्मसमर्पण की अपील की जा रही है, जिसके चलते कई नक्सलियों ने मुख्यधारा में वापसी की है। उन्होंने शेष माओवादी कैडरों से अपील करते हुए कहा कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटें और शांतिपूर्ण जीवन अपनाएं।

