सक्ती, 14 अप्रैल। Vedanta Plant Accident : छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित ग्राम सिंघीतराई के वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार को बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। डभरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत प्लांट में अचानक बॉयलर फटने से जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
इस दर्दनाक हादसे में 3 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
धमाके के बाद प्लांट में काम कर रहे मजदूरों के बीच भगदड़ मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास के क्षेत्र में भी उसकी आवाज सुनी गई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच रहे हैं। राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है और पूरे प्लांट क्षेत्र को सुरक्षा कारणों से सील कर दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में बॉयलर में तकनीकी खराबी (Vedanta Plant Accident) को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

