रायपुर, 18 अप्रैल। CMO Transfer Order : छत्तीसगढ़ के नगरीय प्रशासन विभाग ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (CMO) का थोक में तबादला आदेश जारी किया है। विभाग के उप सचिव के हस्ताक्षर से जारी इस आदेश में कुल 37 अधिकारियों के नाम शामिल हैं।
जारी आदेश के अनुसार, राज्य शासन ने अमिताभ शर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (ग वर्ग) को विभागीय जांच जारी रखते हुए निलंबन से बहाल कर दिया है। उन्हें प्रशासनिक दृष्टि से समान सेवा शर्तों के अधीन अस्थायी रूप से नगर पालिका परिषद तिल्दा-नेवरा में पदस्थ किया गया है। हालांकि उनके विरुद्ध विभागीय जांच जारी रहेगी और निलंबन अवधि का अंतिम निर्णय जांच के आधार पर अलग से लिया जाएगा।
7 दिन में जॉइन नहीं तो सैलरी बंद
विभाग ने आदेश में स्पष्ट किया है कि सभी स्थानांतरित अधिकारियों और कर्मचारियों को 7 दिवस के भीतर नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना होगा और इसकी सूचना विभाग को देनी होगी।
निर्धारित समयावधि में जॉइनिंग नहीं करने पर संबंधित अधिकारी (CMO Transfer Order) को वर्तमान स्थान से वेतन आहरित नहीं किया जाएगा। साथ ही, यदि वेतन आहरित किया जाता है तो नियंत्रण अधिकारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

