रायपुर, 18 अप्रैल। Wing Commander Suicide : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित विधायक कॉलोनी में विंग कमांडर विपुल यादव की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने उनकी पत्नी अर्जिता यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, 10-11 मार्च की रात विंग कमांडर विपुल यादव ने अपने आवास पर फांसी लगाकर जान दे दी थी। अब इस मामले में मृतक के पिता राजबहादुर यादव ने गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है।
2014 में हुआ था प्रेम विवाह
परिजनों का आरोप है कि वर्ष 2014 में हुए प्रेम विवाह के बाद से ही पत्नी द्वारा लगातार प्रताड़ना, अपमान और दुर्व्यवहार किया जा रहा था। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि कथित तौर पर मारपीट और अभद्र व्यवहार से जुड़े कुछ सबूत पुलिस को सौंपे गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
मृतक के पिता ने यह भी आरोप लगाया है कि उनके बेटे पर आर्थिक दबाव बनाया गया और प्रॉपर्टी खरीद को लेकर भी विवाद था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है।
छत्तीसगढ़ पुलिस के तहत तेलीबांधा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (Wing Commander Suicide) की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

