रायपुर, 18 अप्रैल। IAS Property Attach : छत्तीसगढ़ के चर्चित कोयला घोटाले में एसीबी-ईओडब्ल्यू ने निलंबित आईएएस समीर विश्नोई के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने उनकी लगभग 4 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों को अटैच कर दिया है, साथ ही इन संपत्तियों की खरीद-बिक्री पर भी रोक लगा दी गई है।
मामले में एसीबी-ईओडब्ल्यू द्वारा अपराध क्रमांक 23/2024 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच में सामने आया है कि आरोपी अधिकारी ने अपने परिवारजनों और विभिन्न फर्मों के नाम पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है।
इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा कोयला लेवी स्कैम से जुड़े मामले में 5 अचल संपत्तियों की प्रोविजनल अटैचमेंट की जा चुकी है।
9 और संपत्तियां अटैच
अब एसीबी-ईओडब्ल्यू की जांच में करीब 4 करोड़ रुपये की 9 अतिरिक्त संपत्तियों का पता चला, जिनकी कुर्की के लिए विशेष न्यायालय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम), रायपुर में आवेदन पेश किया गया था।
17 अप्रैल को सुनवाई के बाद अदालत ने सभी चिन्हित संपत्तियों के अटैचमेंट का आदेश जारी कर दिया, जिसके बाद इन संपत्तियों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लग गया है।
जांच एजेंसियों की इस कार्रवाई को प्रशासनिक हलकों में भ्रष्टाचार के खिलाफ (IAS Property Attach) सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। इससे पहले भी सौम्या चौरसिया से जुड़ी संपत्तियों की कुर्की की कार्रवाई हो चुकी है।

