बालोद, 12 मई। Sewerage Accident : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में फुटबॉल ग्राउंड स्थित दास पान ठेला के सामने सीवरेज पाइपलाइन विस्तार कार्य के दौरान मिट्टी धंसने से 4 मजदूर नाली में दब गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चारों मजदूरों की मौत की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि बीएसपी की सीवरेज पाइपलाइन विस्तार परियोजना के तहत इलाके में खुदाई का काम चल रहा था। जेसीबी और चेन माउंट मशीन की मदद से गहरी खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान अचानक मिट्टी धंस गई और वहां काम कर रहे मजदूर देखते ही देखते मलबे में दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस और बीएसपी के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल घटनास्थल पहुंचे और राहत-बचाव अभियान शुरू कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना अचानक हुआ कि मजदूरों (Sewerage Accident) को संभलने तक का मौका नहीं मिला। फिलहाल जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम जारी है। प्रारंभिक तौर पर निर्माण कार्य में लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

