रायपुर, 13 मई। Medical Facilities : छत्तीसगढ़ में शासकीय कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। चिकित्सा शिक्षा विभाग ने आदेश जारी करते हुए राज्य के साथ-साथ बाहरी निजी अस्पतालों में भी इलाज की अनुमति दे दी है।
जारी आदेश के अनुसार, अब छत्तीसगढ़ के 86 निजी अस्पतालों में सरकारी कर्मचारी और उनके परिजन इलाज करा सकेंगे। वहीं, अन्य राज्यों के 66 निजी अस्पतालों को भी सूची में शामिल किया गया है, जहां विभिन्न बीमारियों का उपचार कराया जा सकेगा।
इस फैसले से राज्य के हजारों कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा। खास बात यह है कि रायपुर के कई नए निजी अस्पतालों को भी सूची में जोड़ा गया है, जिससे स्थानीय स्तर पर इलाज के विकल्प बढ़ गए हैं।
सरकार के इस निर्णय को स्वास्थ्य सेवाओं (Medical Facilities) तक आसान पहुंच और उन्नत इलाज उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इससे गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए कर्मचारियों को अब अधिक विकल्प मिलेंगे और दूसरे राज्यों में भी बेहतर चिकित्सा सुविधा का लाभ उठाया जा सकेगा।

