गाजियाबाद, 31 मई। Athlete Shot Dead : गाजियाबाद से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। 24 वर्षीय पैरा ओलंपिक खिलाड़ी चिराग त्यागी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद खेल जगत और इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले में एक अन्य पैरा एथलीट को हिरासत में लिया है, जिसने शुरुआती पूछताछ में हत्या की बात कबूल करने का दावा किया है।
आरोपी 17 साल का साथी खिलाड़ी
बहरहाल, हत्या का मामला सुलझा लिया है। हत्या का आरोपी यश भी एक पैरा-ओलंपिक एथलीट था। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्तौल भी उसके पास से बरामद कर ली है। आरोपी 17 साल का है और रावली रोड पर रहता है, जो चिराग के गांव बंसतपुर के पास ही है।
पुलिस की जांच में पता चला है कि यश ने चिराग की हत्या इसलिए की, क्योंकि चिराग ने यश के डॉक्यूमेंट के बारे में शिकायत दर्ज कराई थी। चिराग की तरह, यश भी दृष्टिबाधित श्रेणी में मुकाबला करता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे अदालत के सामने पेश किया है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी, क्योंकि चिराग ने एशियन गेम्स के लिए सफलतापूर्वक क्वालिफ़ाई कर लिया था। चिराग बंगलुरू में 26-27 मई को हुई 8वीं इंडियन ओपन इंटरनेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 से 400 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल जीतकर लौटे थे।
साईं उपवन में पड़ा था लहूलुहान शव
दरअसल, शनिवार शाम करीब तीन बजे पुलिस को सूचना मिली कि साईं उपवन में एक युवक का शव लहूलुहान हालत में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस को मौके पर चिराग का बैग और मोबाइल भी मिला। इससे पुलिस लूट के लिए हत्या को वजह नहीं मान रही है। पुलिस चिराग की हत्या खेल जगत से जुड़ी पेशेवर प्रतिद्वंदिता, किसी लड़की से संबंध या रुपयों के लेनदेन से जोड़कर जांच कर रही है।
चिराग के परिचित थे हत्यारे
पुलिस को शुरूआती जांच में हत्यारे चिराग के परिचित लग रहे हैं। क्योंकि माना जा रहा है कि बंगलुरू से फ्लाइट से दिल्ली आने के बाद चिराग मेट्रो से नया बस अड्डा स्थित शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन तक आए। इसके बाद परिचित के साथ ही करीब 250 मीटर दूर साईं उपवन तक गए। मौके पर बिखरे खून से अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्यारों से चिराग की हाथापाई हुई है। उनका पूरा चेहरा खून से लथपथ मिला है। शव पीठ के बल जमीन पर मिला। जेब में मोबाइल और पास में बैग मिला।
गर्लफ्रेंड से भी मिलने की जानकारी आ रही सामने
सूत्रों के मुताबिक शनिवार को गाजियाबाद में चिराग से मिलने के लिए उसकी गर्लफ्रेंड भी आई थी। इन दोनों की मुलाकात इंस्टाग्राम पर हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं थी। सूत्रों ने बताया है कि लड़की इंदौर की रहने वाली है। पुलिस चिराग के साथ खेलने वाले अन्य खिलाड़ियों, कोच और गर्लफ्रेंड से जानकारी जुटा रही है। मामले में पुलिस की चार टीमों को लगाया गया है। पुलिस चिराग के दिल्ली से गाजियाबाद तक के रूट और उसके मोबाइल पर शनिवार को हुई बातचीत की जानकारी जुटा रही है।
परिवार में इकलौते थे चिराग
मुरादनगर क्षेत्र के बसंतपुर सैंथली निवासी किसान मनोज त्यागी के इकलौते बेटे चिराग त्यागी पैरा एथलीट थे। चिराग को आंखों से देखने में समस्या थी। कई प्रतियोगिताओं में चिराग ने प्रदेश और देश का परचम लहराया है।
25 मई को वह बंगुलरू में चैंपियनशिप में भाग लेने गए थे। शनिवार सुबह करीब आठ बजे चिराग ने सिहानी में रहने वाले अपने मामा के लड़के आशीष त्यागी को फोन कर बताया था कि वह वापस आ गया है और जल्दी ही वह घर आएगा।
इसके बाद पुलिस ने आशीष त्यागी को शाम साढ़े तीन बजे फोन कर बताया कि चिराग का मोबाइल नया बस अड्डे के पास मिला है। आशीष जब नया बस अड्डा गया तब उसे बताया कि चिराग के चोट लगी है एमएमजी अस्पताल आ जाओ। जिला एमएमजी अस्पताल पहुंचने पर आशीष को पता चला कि चिराग की हत्या कर दी गई है।

