फिरोजाबाद , 31 मई। Child Murder : फिरोजाबाद के शिकोहाबाद क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एकतरफा प्यार में पागल युवक ने रिश्तों को शर्मसार करते हुए डेढ़ साल के मासूम बच्चे को जमीन पर पटक-पटक कर मौत के घाट उतार दिया। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
बताया जा रहा है कि आरोपी मृतक बच्चे का चाचा लगता है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वायरल वीडियो ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात
जानकारी के अनुसार आरोपी युवक एकतरफा प्यार में मानसिक रूप से जुनूनी हो चुका था। इसी सनक में उसने मासूम बच्चे को निशाना बनाया। घटना शिकोहाबाद थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस भयानक घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपी की तलाश में सघन अभियान शुरू कर दिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, फ़िरोज़ाबाद ज़िले के आरन पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले बामयी गांव की युवती की शादी बदायूं के रहने वाले सुमित से हुई थी। इस दंपति का डेढ़ साल का एक बेटा था, जिसका नाम आरव था। परिवार वालों का आरोप है कि युवती का चचेरा देवर, यानी उसकी बुआ सास के बेटे का बेटा, जिसका नाम विराज (उर्फ़ जितेंद्र पाठक) था, उससे एकतरफ़ा प्यार करता था और ज़बरदस्ती उससे शादी करना चाहता था। वह उसकी शादी और उसके बच्चे को अपने प्रेम संबंधी राह में रोड़ा मानता था।
टॉफ़ी दिलाने के बहाने ले गया बाहर
खबर है कि शनिवार को युवती शिकोहाबाद की यादव कॉलोनी में अपनी मौसी के घर आई हुई थी। इसी दौरान आरोपी भी वहां पहुंच गया। आरोप है कि उसने मासूम बच्चे आरव को टॉफ़ी दिलाने का बहाना बनाकर अपने साथ ले लिया; फिर वह उसे बाहर ले गया और सड़क पर बार-बार पटककर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही, बदहवास परिजन तुरंत बच्चे को शिकोहाबाद के संयुक्त ज़िला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
मायके पर रह रही युवती
पीड़ित मां ने रोते (Child Murder) हुए अपनी आपबीती सुनाई कि ससुराल वालों से अनबन के कारण उसका पति उसे साथ नहीं रखता था और मारपीट करता था। बीमारी के कारण उसकी मां उसे मायके ले आई थी। इस बीच आरोपी रिश्ते में देवर लगने के कारण अक्सर फोन करता रहता था, इसलिए वह भी सामान्य समझकर बात कर लेती थी, लेकिन शनिवार को जब वह मिलने आया, तो उसने जबरन शादी का दबाव बनाया। जब युवती ने यह कहते हुए मना कर दिया कि वह शादीशुदा है और उसका एक बच्चा है, तो आरोपी ने खौफनाक कदम उठा लिया। वह बच्चे को टॉफी दिलाने के बहाने बाहर ले गया और जमीन पर पटक दिया, जिससे बच्चे की गर्दन टूट गई और उसकी मौत हो गई।

