रायपुर, 31 मई। Chhattisgarh State Election Commission द्वारा जारी कार्यक्रम अनुसार राज्य में चल रहे नगरीय निकायों एवं त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम/उप-निर्वाचन के अंतर्गत 01 जून 2026 को मतदान होगा जिसमें नगरीय निकायों में अध्यक्ष के 05 पदों तथा पार्षद के 71 पदों के निर्वाचन हेतु बनाए गए 96 मतदान केन्द्रों में कुल 31928 मतदाताओं (15720 पुरूष मतदाता, 16207 महिला मतदाता तथा 01 अन्य मतदाता) द्वारा अपने मताधिकार का प्रयोग किया जायेगा, तथा त्रि-स्तरीय पंचायत में जनपद पंचायत सदस्य के 10, सरपंच के 34, तथा वार्ड पंच के 107 पदों के निर्वाचन हेतु बनाए गए 274 मतदान केन्द्रों में कुल 102797 मतदाताओं (51465 पुरूष मतदाता, 51331 महिला मतदाता तथा 01 अन्य मतदाता) द्वारा अपने मताधिकार का प्रयोग किया जायेगा।
आयोग से प्राप्त जानकारी अनुसार नगरीय निकायों में मतदान समय प्रातः 8-00 बजे से सांय 5-00 बजे तक तथा त्रि-स्तरीय पंचायतों में मतदान समय प्रातः 7-00 बजे से सांय 3-00 बजे तक निर्धारित है। नगरीय निकायों के निर्वाचन मतदान मशीन के माध्यम से तथा त्रि-स्तरीय पंचायतों हेतु मतदान मतपेटी के माध्यम से कराए जावेंगे। त्रि-स्तरीय पंचायतों मे मतदान पश्चात् सामान्य स्थिति में मतगणना भी मौके पर संपन्न होगा। नगरीय निकायों के निर्वाचन परिणाम हेतु मतगणना 04 जून 2026 को तथा त्रि-स्तरीय पंचायतों में सारणीकरण एवं परिणाम की घोषणा 04 जून 2026 को किया जायेगा।
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री अजय सिंह द्वारा शांतिपूर्ण पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्धता व्यक्त किया गया है। जिन सीटों पर सविरोध निर्वाचन की स्थिति बनी है, वहाँ जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा सुरक्षा और मतदान केंद्रों पर आवश्यक बुनियादी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर लिया गया है , राज्य निर्वाचन आयुक्त द्वारा निर्वाचन क्षेत्र के सभी मतदाताओ को शत प्रतिशत अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की गई है।

