नई दिल्ली, 01 जून। LPG Price Hike : तेल कंपनियों ने एक बार फिर आम कारोबारियों को बड़ा झटका दिया है। 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें 1 जून 2026 से लागू हो गई हैं। राजधानी दिल्ली में अब कमर्शियल गैस सिलेंडर 42 रुपये महंगा होकर 3113.50 रुपये का हो गया है, जबकि कोलकाता में इसकी कीमत 53.50 रुपये बढ़कर 3255.50 रुपये पहुंच गई है।
इस बढ़ोतरी का सीधा असर होटल, रेस्तरां, ढाबा, चाय दुकानों और छोटे व्यापारियों पर पड़ने वाला है। पहले से महंगाई और ट्रांसपोर्ट खर्च से जूझ रहे कारोबारियों के लिए यह फैसला अतिरिक्त आर्थिक बोझ बन सकता है।
5 किलो वाले छोटे सिलेंडर भी महंगे
तेल विपणन कंपनियों ने 5 किलोग्राम वाले एफटीएल सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपये की बढ़ोतरी की है। इसके बाद दिल्ली में इसकी नई कीमत 821.50 रुपये हो गई है। हालांकि राहत की बात यह है कि घरेलू इस्तेमाल वाले 14.2 किलोग्राम के LPG सिलेंडर की कीमतों में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है।
6 महीने में रिकॉर्ड बढ़ोतरी
साल 2026 की शुरुआत से ही कमर्शियल सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। दिल्ली में जनवरी 2026 में 19 किलो वाले सिलेंडर की कीमत 1691.50 रुपये थी, लेकिन हर महीने बढ़ोतरी के बाद अब यह 3113.50 रुपये तक पहुंच गई है।
पिछले महीनों में बढ़ोतरी
- फरवरी: ₹49 बढ़े
- मार्च: ₹115 बढ़े
- अप्रैल: ₹195.50 बढ़े
- मई: ₹993 की रिकॉर्ड बढ़ोतरी
- जून: फिर ₹42 महंगा
लगातार बढ़ती कीमतों से छोटे कारोबारियों की चिंता (LPG Price Hike) बढ़ गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में होटल और फूड बिजनेस में खाने-पीने की चीजें भी महंगी हो सकती हैं।

