रायपुर/भिलाई, 04 जून। Ebola Alert : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में दुनिया के सबसे खतरनाक वायरसों में शामिल ‘इबोला’ को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। कांगो, इथोपिया और युगांडा से लौटे तीन लोगों में इबोला संक्रमण की आशंका जताई गई है, जिसके बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है।
जानकारी के मुताबिक, आईडीएसपी (Integrated Disease Surveillance Programme) से सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों संदिग्धों को खोजकर होम आइसोलेशन में भेज दिया है।
अलग-अलग एयरपोर्ट से पहुंचे दुर्ग
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इथोपिया और युगांडा से लौटे दो संदिग्ध अलग-अलग एयरपोर्ट से होते हुए सीधे दुर्ग पहुंचे। वहीं कांगो से आया तीसरा व्यक्ति पहले मुंबई में रुका और बाद में दुर्ग पहुंचा। दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने बताया कि फिलहाल घबराने जैसी कोई स्थिति नहीं है। तीनों संदिग्धों की हालत सामान्य बताई जा रही है और लगातार मेडिकल मॉनिटरिंग की जा रही है।
कितना खतरनाक है इबोला वायरस?
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक इबोला वायरस बेहद संक्रामक और जानलेवा बीमारी है। यह संक्रमित व्यक्ति के खून, पसीने और अन्य शारीरिक तरल पदार्थों के संपर्क में आने से फैलता है। गंभीर मामलों में इस बीमारी में मृत्यु दर 50% से 90% तक बताई गई है।
इबोला के प्रमुख लक्षण
- अचानक तेज बुखार
- कमजोरी और थकान
- मांसपेशियों में दर्द
- सिरदर्द और गले में खराश
- गंभीर स्थिति में आंतरिक और बाहरी रक्तस्राव
विशेषज्ञों का कहना है कि समय पर पहचान और सावधानी ही इस बीमारी से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
स्वास्थ्य विभाग ने संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। साथ ही एयरपोर्ट और अन्य निगरानी तंत्र को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

