मधेपुरा, 11 जून। School Hostel Murder : बिहार के मधेपुरा जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक स्कूल में पढ़ने वाले 6 साल के मासूम छात्र की सिर्फ इसलिए हत्या कर दी गई क्योंकि उसने अपने स्कूल के शिक्षक और संचालक की पत्नी को कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। मामले का खुलासा होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
अफेयर छिपाने के लिए हत्या
मामला मुरलीगंज थाना क्षेत्र के खारी गांव स्थित जेडी पब्लिक स्कूल का है। मृतक छात्र की पहचान 6 वर्षीय आनंद प्रेम के रूप में हुई है, जो पिछले छह महीने से स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि स्कूल संचालक की पत्नी और स्कूल के एक शिक्षक के बीच कथित प्रेम संबंध थे। घटना वाली रात मासूम छात्र ने दोनों को साथ देख लिया। आरोप है कि राज खुलने के डर से दोनों ने बच्चे का मुंह और नाक दबाकर उसकी हत्या कर दी।
इसके बाद हत्या को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की गई। आरोपियों ने शव को हॉस्टल के टॉयलेट में पाइप से गमछे के सहारे लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे। अगली सुबह छात्र का शव मिलने के बाद हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद विशेष जांच टीम गठित की गई।
पूछताछ के दौरान स्कूल संचालक और शिक्षक टूट गए और कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि मामले की एक अन्य आरोपी महिला फरार बताई जा रही है, जिसकी तलाश जारी है। इस घटना ने न केवल शिक्षा जगत बल्कि पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। एक मासूम की जान सिर्फ इसलिए चली गई क्योंकि उसने वह देख लिया था जिसे आरोपी दुनिया से छिपाना चाहते थे।

