रायपुर, 18 जून। Yoga Commission : छत्तीसगढ़ में योग और स्वास्थ्य गतिविधियों को नई दिशा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ योग आयोग में महत्वपूर्ण नियुक्ति की है। चिकित्सा शिक्षा (आयुष) विभाग द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार बिलासपुर निवासी संजय अग्रवाल को आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
संजय अग्रवाल को फिर मिली जिम्मेदारी
बिलासपुर के रामा वैली, हाईकोर्ट रोड निवासी संजय अग्रवाल इससे पहले भी छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रह चुके हैं। सरकार ने उनके अनुभव और कार्यक्षमता को देखते हुए उन्हें दोबारा यह जिम्मेदारी सौंपी है।
नवनियुक्त अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि उनकी प्राथमिकता प्रदेश के हर घर, स्कूल, कॉलेज और छात्रावास तक योग को पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल कार्यक्रम नहीं बल्कि एक “संकल्प दिवस” है, जिसका उद्देश्य लोगों को प्रतिदिन योग को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है।
मुख्यमंत्री साय ने दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस नियुक्ति पर उन्हें बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में योग के विस्तार और जन-जागरूकता को नई दिशा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि योगमय, स्वस्थ और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प और मजबूत होगा।


