Kota Nagar Palika : बड़ी सौगात…! बिलासपुर का कोटा बना नगर पालिका…राजपत्र में अधिसूचना जारी

Kota Nagar Palika : बड़ी सौगात…! बिलासपुर का कोटा बना नगर पालिका…राजपत्र में अधिसूचना जारी

बिलासपुर, 21 जून। Kota Nagar Palika : छत्तीसगढ़ सरकार ने बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र को बड़ी सौगात देते हुए नगर पंचायत से नगर पालिका का दर्जा दे दिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा इस संबंध में अधिसूचना राजपत्र में प्रकाशित कर दी गई है। इसके साथ ही कोटा के शहरी विकास और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार का रास्ता साफ हो गया है।

अधिसूचना के अनुसार, वर्तमान नगर पंचायत कोटा की सीमाएं ही नगर पालिका कोटा की सीमाएं होंगी। राज्य शासन ने छत्तीसगढ़ नगर पालिका अधिनियम, 1961 की धारा 5(1)(क) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए नगर पालिका कोटा का गठन किया है।

गौरतलब है कि उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने 14 अगस्त 2025 को कोटा को नगर पालिका बनाने की घोषणा की थी। अब इस घोषणा को अमलीजामा पहनाते हुए सरकार ने अपना वादा पूरा कर दिया है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार जनता से किए गए वादों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि जनभावना के अनुरूप कोटा को नगर पालिका का दर्जा दिया गया है। इससे क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार कोटा क्षेत्र की जनसंख्या 18,405 है। नगर पालिका बनने के बाद सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता और अन्य शहरी सुविधाओं के विकास के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे। सरकार के इस निर्णय का स्थानीय नागरिकों ने स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम बताया है। नगर पालिका बनने से कोटा के सुनियोजित विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

About The Author

छत्तीसगढ