पटना, 23 जून। Theft at RJD Leader House : बिहार की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। पूर्व मंत्री और राजद नेता तेज प्रताप यादव ने अपने करीबी और निजी सहायक (पीए) मोतीलाल राय के खिलाफ पटना के सचिवालय थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके सरकारी आवास से करीब 20 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और अन्य कीमती सामान चोरी हो गए हैं।
अलमारी की जांच में सामने आया मामला
तेज प्रताप यादव के अनुसार, 22 जून को जब उन्होंने अपने कमरे की अलमारी की जांच की, तब उन्हें नकदी और अन्य सामान गायब मिला। शिकायत के मुताबिक चोरी हुए सामान में करीब 20 लाख रुपये नकद, दो तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, चार नए ड्रोन, दो हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक मैकबुक, एक लेनोवो लैपटॉप और चार आईफोन 17 प्रो मैक्स मोबाइल फोन शामिल हैं।
‘पार्टी फंड के थे 20 लाख रुपये’
तेज प्रताप यादव ने अपने आवेदन में दावा किया है कि चोरी हुई 20 लाख रुपये की नकदी पार्टी फंड की राशि थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके निजी सहायक मोतीलाल राय ने ही इस घटना को अंजाम दिया।
‘बैग लेकर बाउंड्री फांदकर भागने’ का दावा
शिकायत में यह भी कहा गया है कि घटना वाली रात करीब 11:30 बजे दो लोगों ने मोतीलाल राय को एक बैग के साथ आवास परिसर की बाउंड्री फांदकर निकलते हुए देखा था। तेज प्रताप यादव ने इन दोनों व्यक्तियों को मामले का प्रत्यक्षदर्शी गवाह बताया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सचिवालय थाना पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आवेदन में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।


