महासमुंद, 25 जून। Birthday Girl Murder Mystery : खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम झारा में नाले किनारे रेत में दफन मिली 18 वर्षीय भारती टंडन हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि युवती के नाबालिग बॉयफ्रेंड ने ही उसे जन्मदिन पर गिफ्ट देने के बहाने बुलाकर पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी और शव को रेत में दबाकर सबूत मिटाने की कोशिश की।

पुलिस के अनुसार, 19 जून को अपना 18वां जन्मदिन मनाने के बाद भारती देर रात घर से लापता हो गई थी। 22 जून को ग्रामीणों ने नाले के पास बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी, जहां रेत में दबा युवती का शव बरामद हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गहरे घाव और अत्यधिक रक्तस्राव से मौत की पुष्टि हुई।
जांच में सामने आया कि युवती और नाबालिग के बीच शादी को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी ने युवती को गिफ्ट देने का झांसा देकर बुलाया और आंख बंद करने को कहा। इसी दौरान उसने पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को रेत में दफना दिया और घटनास्थल से सबूत मिटाने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या में प्रयुक्त पत्थर समेत अन्य सामान जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
शादी को लेकर अनबन बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में पता चला कि भारती की एक नाबालिग युवक से दोस्ती थी और वह उससे शादी करना चाहती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन नाबालिग युवक ने भारती को मिलने के लिए बुलाया। उसने युवती से कहा कि वह उसे गिफ्ट देना चाहता है और इसके लिए आंख बंद करने को कहा। जैसे ही युवती ने आंख बंद की, आरोपी ने पत्थर से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद नाबालिग आरोपी ने युवती के शव को नाले के किनारे रेत में दफना दिया। साथ ही उसने युवती के पर्स और चप्पल को भी आसपास फेंक दिया। इसके बाद उसने पत्थर को धोकर छिपा दिया। पुलिस ने नाबालिग युवक की निशानदेही पर पत्थर सहित अन्य सामान जब्त कर हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।


