महासमुंद, 26 जून। Honor Killing : जिले के पटेवा थाना क्षेत्र में 17 जून को ग्राम तुरेंगा के खेत में मिले अज्ञात महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में सामने आया है कि यह हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि मृतिका के पिता ने अपने भाइयों के साथ मिलकर की थी।
पुलिस के अनुसार, मृतिका की पहचान बागबाहरा निवासी रानी कुमारी सिंह के रूप में हुई। रानी ने परिवार की मर्जी के खिलाफ अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था, जिससे उसके पिता उमेश सिंह, चाचा दिनेश सिंह और बड़े पिता राजेश सिंह नाराज थे।
जांच में खुलासा हुआ कि तीनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची और रानी को बहाने से अपने साथ ले जाकर सुनसान खेत में धारदार हथियार से मौत के घाट उतार दिया।
सूरत से आरोपी पिता अरेस्ट
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस गुजरात के सूरत पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से मुख्य आरोपी उमेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने भाइयों के साथ वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बाइक, मोबाइल फोन और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

