Ketan Agrawal Murder Case : विग पहनता था…हकलाता भी था इसलिए हत्या कर दी…! केतन मर्डर केस में आरोपी मंगेतर सिया का चौंकाने वाला कबूलनामा…सुनिए, और क्या कहा

Ketan Agrawal Murder Case : विग पहनता था…हकलाता भी था इसलिए हत्या कर दी…! केतन मर्डर केस में आरोपी मंगेतर सिया का चौंकाने वाला कबूलनामा…सुनिए, और क्या कहा

पुणे, 26 जून। Ketan Agrawal Murder Case : महाराष्ट्र के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में आरोपी मंगेतर सिया गोयल ने पुलिस पूछताछ के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सिया ने दावा किया है कि वह केतन से शादी नहीं करना चाहती थी क्योंकि उसे केतन का हकलाना और विग लगाना पसंद नहीं था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह चेतन चौधरी से प्रेम करती थी और इसी वजह से दोनों ने मिलकर केतन की हत्या की साजिश रची।

‘केतन के सिर पर बाल नहीं थे, विग लगाता था’

पुलिस पूछताछ में सिया ने बताया कि केतन के सिर पर बाल नहीं थे और वह विग पहनता था। इसके अलावा उसका हकलाना भी उसे पसंद नहीं था। सिया का कहना है कि उसके पास शादी न करने के कई कारण थे। पहला, वह चेतन चौधरी से प्यार करती थी। दूसरा, केतन के सिर पर कम बाल थे और तीसरा, उसका हकलाना। सूत्रों के अनुसार, शादी तय होने के समय सिया के परिवार को इन बातों की जानकारी थी, लेकिन उन्होंने इसे मामूली बात समझकर नज़रअंदाज़ कर दिया था।

‘परिवार को ठेस नहीं पहुंचाना चाहती थी, इसलिए हत्या का प्लान बनाया’

पुलिस ने जब सिया से पूछा कि उसने परिवार को शादी से इनकार क्यों नहीं किया, तो उसने कथित तौर पर जवाब दिया कि वह अपने घरवालों को दुखी नहीं करना चाहती थी। उसके मुताबिक, शादी से मना करने की बजाय केतन की हत्या कर देना उसे आसान विकल्प लगा।

जांच में सामने आया है कि सिया की योजना थी कि ट्रेकिंग के दौरान केतन को ऐसी जगह से धक्का दिया जाए, जहां उसकी मौत दुर्घटना जैसी लगे और किसी को शक न हो। उसने यह भी माना कि लोहगढ़ किले के आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण उसे लगा कि हत्या का खुलासा नहीं हो पाएगा।

गिरफ्तारी के बाद मिलने नहीं पहुंचा परिवार

लोनावला ग्रामीण पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद से अब तक सिया गोयल से मिलने उसके परिवार का कोई सदस्य नहीं पहुंचा है। बताया जा रहा है कि उसके माता-पिता और भाई घर पर मौजूद हैं, लेकिन किसी ने भी थाने जाकर उसकी जानकारी नहीं ली। हालांकि, चेतन चौधरी के पिता पुलिस स्टेशन पहुंचकर मामले की जानकारी ले चुके हैं।

डमी बॉडी से दोबारा बनाया जाएगा मर्डर सीन

पुलिस अब लोहगढ़ किले पर घटनास्थल को दोबारा रीक्रिएट करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए डमी बॉडी का इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि आरोपियों की स्थिति, हमले की दिशा और पूरी वारदात की परिस्थितियों को समझा जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले में अधिकांश साक्ष्य परिस्थितिजन्य हैं, इसलिए हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।

भाई से भी पूछताछ

जांच एजेंसी ने सिया के भाई को भी पूछताछ के लिए बुलाया है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या सिया ने कभी परिवार के सामने केतन से शादी नहीं करने की इच्छा जताई थी या नहीं।

About The Author

जुर्म राष्ट्रीय