रायपुर, 27 जून। CG Players Government Job : छत्तीसगढ़ के उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। वर्ष 2018-19 से लंबित सरकारी नौकरी प्रक्रिया पर 30 जून को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।
जानकारी के मुताबिक, अब तक 156 खिलाड़ियों को नियुक्ति के लिए पात्र पाया गया है। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो इन खिलाड़ियों को 2 प्रतिशत खेल आरक्षण के तहत सरकारी नौकरी मिलने का रास्ता साफ हो जाएगा।
30 जून की बैठक पर टिकी निगाहें
सरकार द्वारा गठित उच्चस्तरीय समिति की बैठक में वर्षों से लंबित भर्ती प्रक्रिया पर अंतिम सहमति बनने की संभावना है। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो खेल दिवस से पहले या उसी अवसर पर इसकी आधिकारिक घोषणा की जा सकती है। उत्कृष्ट खिलाड़ियों की भर्ती का मामला वर्ष 2018-19 से लंबित है। इससे पहले खिलाड़ियों की अंतिम चयन सूची वर्ष 2014 में जारी हुई थी। इसके बाद नई नियुक्तियों की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी, जिससे कई खिलाड़ी लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं।
156 खिलाड़ी पाए गए पात्र
खेल विभाग के अनुसार, वर्ष 2018-19 और 2019-20 के दौरान उत्कृष्ट खिलाड़ी श्रेणी में कुल 783 आवेदन प्राप्त हुए थे। जांच और पात्रता परीक्षण के बाद 156 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी के लिए योग्य माना गया है।
दो प्रतिशत आरक्षण का मिलेगा लाभ
राज्य शासन ने विभिन्न विभागों में सीधी भर्ती के तहत उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए 2 प्रतिशत पद आरक्षित किए हैं। समिति की मंजूरी मिलने के बाद पात्र खिलाड़ियों के लिए सरकारी सेवा का रास्ता साफ हो जाएगा।
खेल अलंकरण प्रस्ताव भी तैयार
इधर, खेल अलंकरण समारोह 2023-24 और 2024-25 से जुड़ी प्रक्रिया भी पूरी कर खेल एवं युवा कल्याण संचालनालय ने प्रस्ताव मंत्रालय को भेज दिया है। ऐसे में खिलाड़ियों के सम्मान और नियुक्ति से जुड़े दोनों अहम फैसलों पर जल्द मुहर लगने की उम्मीद है।

