Robotic Joint Replacement : अब घुटने की सर्जरी के कुछ घंटों बाद चल सकेंगे मरीज…! रायपुर में ‘रोबोटिक जॉइंट रिप्लेसमेंट’ की नई तकनीक ने बढ़ाई उम्मीद

Robotic Joint Replacement : अब घुटने की सर्जरी के कुछ घंटों बाद चल सकेंगे मरीज…! रायपुर में ‘रोबोटिक जॉइंट रिप्लेसमेंट’ की नई तकनीक ने बढ़ाई उम्मीद

रायपुर, 04 जुलाई। Robotic Joint Replacement : छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के तत्वावधान में वीआईपी चौक स्थित होटल बेबीलॉन कैपिटल में ‘रोबोटिक जॉइंट रिप्लेसमेंट’ विषय पर स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल के ऑर्थोपेडिक्स एवं जॉइंट रिप्लेसमेंट विशेषज्ञों ने आधुनिक चिकित्सा तकनीकों की जानकारी दी और घुटनों के दर्द से जुड़ी भ्रांतियों को दूर किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं वरिष्ठ ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. पंकज धाबलिया ने कहा कि एक डॉक्टर का उद्देश्य केवल हड्डियों का उपचार करना नहीं, बल्कि मरीज की सक्रिय और बेहतर जीवनशैली को वापस लौटाना है। उन्होंने कहा कि आज की निष्क्रिय जीवनशैली के कारण कम उम्र में भी हड्डियों और जोड़ों की समस्याएं बढ़ रही हैं। नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और समय पर इलाज से इन समस्याओं से काफी हद तक बचा जा सकता है।

विशेषज्ञों ने बताई आधुनिक तकनीक

चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि स्वस्थ व्यापारी ही सफल व्यापार की नींव है। लगातार तनाव और व्यस्त दिनचर्या के कारण व्यापारी वर्ग अपने स्वास्थ्य की अनदेखी करता है, जिससे जोड़ों की बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में रोबोटिक तकनीक जैसी विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होना गर्व की बात है।

चेम्बर संरक्षक एवं पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशालाएं समाज में आधुनिक चिकित्सा के प्रति विश्वास बढ़ाने का काम करती हैं।

कार्यशाला में डॉ. प्रतीक धाबलिया ने रोबोटिक जॉइंट रिप्लेसमेंट तकनीक का लाइव प्रेजेंटेशन देते हुए बताया कि इस तकनीक में सर्जरी के दौरान रियल-टाइम 3D विजुअलाइजेशन के जरिए कृत्रिम जोड़ को अत्यंत सटीकता से लगाया जाता है। इससे कम चीरा लगता है, रक्तस्राव कम होता है, रिकवरी तेजी से होती है और मरीज कुछ ही घंटों में चलने-फिरने में सक्षम हो सकता है।

कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित व्यापारियों और नागरिकों ने घुटनों की समस्याओं और रोबोटिक सर्जरी से जुड़े सवाल पूछे। विशेषज्ञों ने सभी शंकाओं का सरल भाषा में समाधान किया।

About The Author

व्यापार