रायपुर, 04 जुलाई। Tuta Encroachment : नवा रायपुर अटल नगर के ग्राम तूता में अतिक्रमण हटाने और संभावित विस्थापन को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के बीच नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (NRDA) ने शनिवार को आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी किया है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि ग्राम तूता में फिलहाल किसी भी प्रकार की विस्थापन कार्रवाई प्रस्तावित नहीं है।
NRDA के अनुसार अभी केवल अतिक्रमण संबंधी शिकायतों के आधार पर संबंधित लोगों को कारण बताओ नोटिस (Show Cause Notice) जारी किए गए हैं। यह पूरी प्रक्रिया कानून के तहत नियमानुसार की जा रही है।
प्राधिकरण ने बताया कि ग्राम तूता में अतिक्रमण की लगातार शिकायतें मिलने के बाद अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किए गए हैं।
ग्रामीणों से हुई चर्चा
2 जुलाई 2026 को ग्राम तूता के प्रतिनिधियों और समाज के प्रमुख पदाधिकारियों ने NRDA के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) से मुलाकात कर पूरे मामले पर चर्चा की। बैठक में सभी पक्षों की सहमति से समाधान निकालने और दोबारा बैठक आयोजित करने पर सहमति बनी, ताकि ग्रामीणों और सार्वजनिक हित दोनों सुरक्षित रह सकें।
ग्राम पंचायत भी कर चुकी है शिकायत
NRDA ने बताया कि ग्राम पंचायत की ओर से भी समय-समय पर गांव के विभिन्न स्थानों से अतिक्रमण हटाने के लिए आवेदन दिए जाते रहे हैं। इन्हीं शिकायतों और प्रस्तावों के आधार पर संबंधित लोगों को प्राथमिक कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
कानून के दायरे में होगी कार्रवाई
प्राधिकरण ने कहा कि उसका उद्देश्य किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय करना नहीं है। आगे की हर कार्रवाई पूरी संवेदनशीलता और कानूनी प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी, ताकि विकास कार्य भी प्रभावित न हों और सभी संबंधित पक्षों के हितों की रक्षा हो सके।


