पाटन, 11 जुलाई। Kanwar Yatra : सावन के पावन महीने में 17 अगस्त को पाटन से टोलाघाट तक भव्य और विशाल बोल बम कांवर यात्रा निकाली जाएगी। बोल बम कांवर यात्रा समिति की बैठक में आयोजन को लेकर अंतिम तैयारियों पर मुहर लगाई गई। इस वर्ष यात्रा की सबसे खास पहल ‘एक मुठ्ठी अन्नदान’ होगी, जिसमें शिवभक्तों द्वारा भगवान भोलेनाथ के नाम पर अर्पित किए गए अन्न से हजारों श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद तैयार किया जाएगा।
समिति के संयोजक जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि कांवर यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सेवा, अनुशासन और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। हर वर्ष हजारों श्रद्धालु “बोल बम” के जयघोष के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक करने इस यात्रा में शामिल होते हैं।

यात्रा को लेकर व्यापक तैयारियां
बैठक में यात्रा मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सहायता, पेयजल, भोजन, विश्राम स्थल, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, प्रचार-प्रसार और स्वयंसेवकों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजन को अधिक व्यवस्थित और श्रद्धामय बनाने के लिए विभिन्न समितियों को जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
समिति ने क्षेत्र के सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक संगठनों, युवा मंडलों, महिला समूहों, व्यापारियों और शिवभक्तों से बड़ी संख्या में यात्रा में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की। समिति का कहना है कि यह आयोजन पूरे क्षेत्र की आस्था और सामूहिक सहभागिता का महापर्व है।

