रायपुर, 25 जुलाई। Congress Protest Rules : कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने और कार्यक्रमों में एकरूपता सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश और जिला कांग्रेस कमेटी ने सभी कांग्रेस नेताओं, जनप्रतिनिधियों, प्रकोष्ठों, विभागों, अग्रिम संगठनों तथा ब्लॉक, नगर और वार्ड कांग्रेस कमेटियों के लिए नई गाइडलाइन जारी की है।
जारी निर्देशों के अनुसार, जिले में आयोजित होने वाले जनहित, जनसरोकार और संगठनात्मक कार्यक्रम अब प्रदेश एवं जिला कांग्रेस कमेटी को पूरी जानकारी और समन्वय में ही आयोजित किए जाएंगे।
निर्देश में स्पष्ट कहा गया है कि धरना-प्रदर्शन, ज्ञापन, पदयात्रा, प्रेसवार्ता, जनसभा, जनसंपर्क अभियान या किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम की पूर्व सूचना प्रदेश और जिला कांग्रेस कमेटी को देना अनिवार्य होगा। इसका उद्देश्य कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन, व्यापक जनभागीदारी और संगठनात्मक एकरूपता सुनिश्चित करना है।
कांग्रेस नेतृत्व ने सभी कार्यकर्ताओं से पार्टी की गरिमा, अनुशासन और संगठनात्मक मर्यादा का पालन करने की अपील की है। निर्देश में कहा गया है कि बिना समन्वय या पूर्व सूचना के आयोजित कार्यक्रमों से संगठन में भ्रम की स्थिति पैदा होती है, इसलिए भविष्य में सभी कार्यक्रम प्रदेश और जिला कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में ही आयोजित किए जाएं।
यह निर्देश प्रभारी महामंत्री (संगठन एवं प्रशासन) मलकीत सिंह गैदू की ओर से जारी (Congress Protest Rules) किया गया है।


