रायपुर, 25 जुलाई। Liquor Scam Case : छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाला मामले ने एक बार फिर सियासी ताप बढ़ा दिया है। आरोपी कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल की न्यायिक रिमांड 5 अगस्त तक बढ़ने के बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का कोर्ट पहुंचना और उनसे मुलाकात करना राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया। इस दौरान भूपेश बघेल ने जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस को बदनाम करने के लिए एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
पेशी के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता कोर्ट पहुंचे और रामगोपाल अग्रवाल से मुलाकात की। इस दौरान भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कांग्रेस को बदनाम करने के लिए किया जा रहा है।
8 जुलाई को किया था सरेंडर
करीब तीन साल तक फरार रहने के बाद रामगोपाल अग्रवाल ने 8 जुलाई को आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) के कार्यालय पहुंचकर सरेंडर किया था। इसके बाद एजेंसी ने उन्हें गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया। रिमांड समाप्त होने के बाद दोबारा अदालत में पेश किया गया, जहां से अब उन्हें 5 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
EOW ने लगाए ये आरोप
EOW के अनुसार, रामगोपाल अग्रवाल पर शराब घोटाला, कोल लेवी और कस्टम मिलिंग से जुड़े कथित पैसों को ठिकाने लगाने में भूमिका निभाने का आरोप है। एजेंसी का कहना है कि मामले में जांच जारी है और उनसे पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

