रायपुर, 25 जुलाई। CGPSC Scam : छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित CGPSC भर्ती घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए CGPSC के पूर्व अध्यक्ष टामन सोनवानी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें विशेष अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है। माना जा रहा है कि इस कार्रवाई के बाद भर्ती घोटाले और कथित मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े कई नए खुलासे हो सकते हैं।
सुबह से ही ED की कार्रवाई प्रशासनिक और कानूनी हलकों में चर्चा का विषय बनी रही। इस घटनाक्रम पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों की भी नजर टिकी हुई है।
मनी लॉन्ड्रिंग एंगल की होगी जांच
ED अब टामन सोनवानी से पूछताछ कर भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं, अवैध आर्थिक लेनदेन और मनी लॉन्ड्रिंग के पहलुओं की जांच करेगी। एजेंसी यह भी पता लगाएगी कि इस मामले में और किन लोगों की भूमिका रही तथा क्या प्रभावशाली लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए पैसों का इस्तेमाल किया गया।
पहले CBI भी कर चुकी है कार्रवाई
करीब दो वर्ष पहले CBI ने भी इसी मामले में टामन सोनवानी को गिरफ्तार किया था। उस समय बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड के डायरेक्टर श्रवण कुमार गोयल को भी गिरफ्तार किया गया था। जांच एजेंसियों का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी कर प्रभावशाली लोगों के रिश्तेदारों का चयन डिप्टी कलेक्टर, DSP समेत अन्य महत्वपूर्ण पदों पर कराया गया।
अब ED की कार्रवाई के बाद इस बहुचर्चित भर्ती घोटाले (CGPSC Scam) की जांच एक बार फिर तेज हो गई है और आने वाले दिनों में कई अहम खुलासों की संभावना जताई जा रही है।

