Tilda Illegal Shops : ग्राम पंचायत तुलसी में करोड़ों के घोटाले का आरोप…! 31 दुकानों की अवैध बिक्री की शिकायत…मंत्री से जांच की मांग

Tilda Illegal Shops : ग्राम पंचायत तुलसी में करोड़ों के घोटाले का आरोप…! 31 दुकानों की अवैध बिक्री की शिकायत…मंत्री से जांच की मांग

तिल्दा-नेवरा/रायपुर, 30 जुलाई। Tilda Illegal Shops : रायपुर जिले के तिल्दा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत तुलसी में पंचायत भूमि पर अवैध दुकान निर्माण और करोड़ों रुपये के राजस्व नुकसान का मामला सामने आया है। इस संबंध में सोमती जांगड़े ने कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब को शिकायत सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, साईं मंदिर के पास खसरा नंबर 469/1 की लगभग आधा एकड़ भूमि पर वर्ष 2024 में कथित तौर पर भू-माफियाओं ने 31 दुकानों का निर्माण कर प्रत्येक दुकान करीब 11 लाख रुपये में बेच दी थी। शिकायतकर्ता का दावा है कि उस समय तत्कालीन एसडीएम प्रकाश टंडन ने निर्माणाधीन दुकानों को ध्वस्त कराया था।

आरोप है कि इसके बाद उसी भूमि पर दोबारा 31 दुकानों का निर्माण कराया गया और प्रत्येक दुकान करीब 13 लाख रुपये में बेची गई। शिकायत में कहा गया है कि पंचायत रिकॉर्ड में केवल 2 लाख रुपये की बिक्री दर्शाकर रसीद काटी गई, जबकि शेष राशि के संबंध में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है। साथ ही दुकान आवंटन में टेंडर प्रक्रिया का पालन नहीं करने का भी आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता ने मंत्री से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच, राजस्व नुकसान की भरपाई और अवैध कब्जा हटाने की मांग की है। शिकायत के साथ संबंधित दस्तावेज भी सौंपे गए हैं।

SDM का पक्ष

तिल्दा के एसडीएम ने कहा कि मामला आज ही उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने बताया कि शिकायत की जांच कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

छत्तीसगढ