रायपुर, 31 जुलाई। Jail Meeting Rules : छत्तीसगढ़ की केंद्रीय जेल रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए मुलाकात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। यह फैसला उस घटना के बाद लिया गया, जब पिछले महीने कुछ परिजनों ने दैनिक उपयोग की वस्तुओं में प्रतिबंधित सामग्री छिपाकर जेल के भीतर पहुंचाने की कोशिश की थी। हालांकि जेल प्रशासन की सतर्कता और सघन तलाशी अभियान के चलते सभी प्रयास विफल कर दिए गए और प्रतिबंधित सामग्री जब्त कर आवश्यक कार्रवाई की गई।
कुछ सामान अब जेल कैंटीन से मिलेगा
जेल अधीक्षक के अनुसार, सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से बंदियों के दैनिक उपयोग की कुछ चयनित वस्तुएं अब केवल जेल कैंटीन से उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं अन्य स्वीकृत सामान पहले की तरह नियमानुसार बंदियों के परिजन उपलब्ध करा सकेंगे।
अस्थायी है नई व्यवस्था
जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था पूरी तरह अस्थायी है। इसका उद्देश्य केवल प्रतिबंधित सामग्री के जेल में प्रवेश पर प्रभावी रोक लगाना और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना है।
बाजार से कम कीमत पर मिलेगा सामान
प्रशासन के मुताबिक जेल कैंटीन में उपलब्ध कराई जा रही सभी वस्तुएं गुणवत्तापूर्ण हैं और उनकी कीमत सामान्य बाजार दर से कम रखी गई है, ताकि बंदियों के परिजनों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।

