रायपुर, 15 अगस्त। Independence Day 2026 : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चेम्बर भवन में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। समारोह में चेम्बर प्रदेश कोषाध्यक्ष निकेश बरड़िया ने सुबह 9:30 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जिसके बाद उपस्थित पदाधिकारियों, सदस्यों और कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के सम्मान में सावधान मुद्रा में खड़े होकर राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।

चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के मार्गदर्शन में आयोजित समारोह में निकेश बरड़िया ने प्रदेशवासियों और व्यापारी जगत को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि व्यापार जगत देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और व्यापारियों को एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहना चाहिए।
भारत माता के जयकारों से गूंजा चेम्बर भवन
समारोह के दौरान उपस्थित व्यापारियों और चेम्बर पदाधिकारियों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष लगाए। तिरंगा फहराए जाने के साथ पूरा चेम्बर भवन देशभक्ति के रंग में रंग गया।
कार्यक्रम में चेम्बर के वरिष्ठ पदाधिकारी, सदस्य, कर्मचारी तथा विभिन्न व्यापारी संघों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए। महिला चेम्बर अध्यक्ष डॉ. ईला गुप्ता समेत विभिन्न एसोसिएशनों के अध्यक्ष, सचिव और पदाधिकारी भी समारोह में मौजूद रहे।



