लखीसराय/बिहार, 17 अगस्त। Temple Stampede : सावन के तीसरे सोमवार को बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बिजली का तार गिरने की अफवाह के बाद श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई। हादसे में 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को लखीसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बिजली का तार गिरने की अफवाह से मची भगदड़
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सावन के तीसरे सोमवार के चलते मंदिर परिसर में भारी भीड़ थी। श्रद्धालु भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए कतार में खड़े थे। इसी दौरान बिजली का तार गिरने की अफवाह फैलते ही लोग घबराकर भागने लगे। भीड़ के दबाव में बैरिकेडिंग टूट गई और कई श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े।
लखीसराय के डीएम शैलेंद्र कुमार के अनुसार, सुबह करीब 6:40 से 6:45 बजे के बीच खेत की ओर लगी बैरिकेडिंग टूटने के बाद स्थिति बिगड़ी। प्रशासन के मुताबिक, मौके से 10-15 लोगों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया।
मृतकों में चार महिलाओं की पहचान
पुलिस ने चार मृतकों की पहचान की है। इनमें 55 वर्षीय हेमलता, ललिता देवी निवासी हलसी, 50 वर्षीय रिंकू देवी निवासी मुंगेर और 44 वर्षीय मनमाला देवी निवासी बड़हिया शामिल हैं। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
प्रत्यक्षदर्शी ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
मोकामा से मंदिर पहुंचे प्रत्यक्षदर्शी विनोद कुमार ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि प्रवेश द्वार पर करीब 100 लोग जबरन अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे। धक्का-मुक्की के बीच बांस की बैरिकेडिंग टूट गई और लोग नीचे गिर गए। विनोद कुमार के मुताबिक, उनकी पत्नी भीड़ में दब गईं, जबकि उनकी एक बेटी अभी लापता है।
प्रशासन ने कहा- पहले से मौजूद थी टीम
डीएम शैलेंद्र कुमार ने बताया कि सावन के तीसरे सोमवार को देखते हुए प्रशासनिक टीम तड़के करीब 3:30 बजे से ही मंदिर परिसर में मौजूद थी। हालांकि, दो ट्रेनों के रुकने के बाद अचानक बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच गए और पहले से मौजूद भीड़ के कारण दबाव बढ़ गया।घटना के बाद पुलिस, प्रशासन और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य जारी है।
सीएम ने जताया दुख
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अशोकधाम मंदिर की घटना पर दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों को तत्काल बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
अशोकधाम मंदिर की खासियत
लखीसराय का प्रसिद्ध इंद्रदमनेश्वर महादेव यानी अशोकधाम मंदिर बिहार के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। मान्यता के अनुसार, वर्ष 1977 में स्थानीय युवकों को जमीन के अंदर विशाल काले पत्थर का शिवलिंग मिला था। इसके बाद उसी स्थान पर मंदिर का निर्माण हुआ। सावन और महाशिवरात्रि के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

