Nepal Landslide: बड़ी खबर नेपाल की बाढ़-भूस्खलन आपदा में रायपुर की मोनिका यादव लापता; तलाश में जुटी सरकार

Nepal Landslide: बड़ी खबर नेपाल की बाढ़-भूस्खलन आपदा में रायपुर की मोनिका यादव लापता; तलाश में जुटी सरकार

रायपुर, 27 अगस्त। Nepal Landslide: नेपाल में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन के बीच छत्तीसगढ़ की एक महिला के लापता होने की खबर सामने आई है। रायपुर के महादेव घाट इलाके की निवासी मोनिका यादव नेपाल में आपदा के बाद से लापता हैं। परिजनों का उनसे संपर्क टूट गया है।

मामले की जानकारी सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर राज्य सरकार नेपाल गए छत्तीसगढ़ के नागरिकों की जानकारी जुटा रही है और स्थिति पर लगातार नजर रख रही है।

नेपाल में 22 अगस्त से थीं मोनिका यादव

प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, मोनिका यादव रायपुर जिले के महादेव घाट, थाना डी.डी. नगर की निवासी हैं। वे 22 अगस्त 2026 से नेपाल प्रवास पर थीं। नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति के बाद से उनका परिजनों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। राज्य सरकार ने संबंधित अधिकारियों और केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय कर मोनिका यादव की तलाश और सुरक्षित खोजबीन के प्रयास शुरू किए हैं।

सरकार ने लोगों से मांगी मदद

छत्तीसगढ़ सरकार ने अपील की है कि नेपाल गए या नेपाल में रह रहे प्रदेश के नागरिकों से संबंधित किसी व्यक्ति के पास कोई जानकारी हो, तो उसे तत्काल प्रशासन के साथ साझा करें। सरकार ने कहा है कि आपदा की इस स्थिति में प्रभावित नागरिकों और उनके परिजनों की मदद के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

सरकार ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

नेपाल में फंसे या लापता छत्तीसगढ़ के नागरिकों से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।

टोल फ्री हेल्पलाइन: 1070
कंट्रोल रूम: 0771-2223471

परिजन या अन्य संबंधित लोग इन नंबरों पर संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर निगरानी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर राज्य सरकार नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों की स्थिति की लगातार जानकारी ले रही है। प्रशासनिक स्तर पर संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर लापता मोनिका यादव समेत अन्य नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के प्रयास किए जा रहे हैं।

About The Author

छत्तीसगढ